डिजिटल युग में बॉडी लैंग्वेज
आज का युग डिजिटल क्रांति का युग है। लोग पहले की तरह आमने-सामने बैठकर बातचीत कम और ऑनलाइन माध्यमों से संवाद अधिक करते हैं। वीडियो कॉल, वर्चुअल मीटिंग्स, ऑनलाइन इंटरव्यू और सोशल मीडिया के माध्यम से अब हमारे विचार, भावनाएँ और व्यक्तित्व स्क्रीन के ज़रिए सामने आते हैं। ऐसे में बॉडी लैंग्वेज यानी शरीर की भाषा की भूमिका और भी अहम हो गई है। पहले जहाँ किसी व्यक्ति की मौजूदगी, चाल-ढ़ाल और व्यवहार से उसकी छवि बनती थी, वहीं अब कैमरे के सामने उसकी बॉडी लैंग्वेज ही उसकी पेशेवरता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का परिचय देती है।
डिजिटल संवाद में अक्सर लोग यह सोचते हैं कि चूँकि हम कैमरे के सामने हैं, इसलिए हमारा शारीरिक हाव-भाव उतना महत्वपूर्ण नहीं है, लेकिन सच तो यह है कि कैमरे के छोटे से फ्रेम में जो हिस्सा दिखाई देता है, वही व्यक्ति की संपूर्ण छवि का निर्माण करता है। ऑनलाइन मीटिंग या इंटरव्यू के दौरान सीधी मुद्रा में बैठना, मुस्कुराते रहना, आँखों से कैमरे की ओर संपर्क बनाए रखना और सिर हिलाकर सहमति जताना यह सब छोटे संकेत व्यक्ति की बॉडी लैंग्वेज को प्रभावशाली बनाते हैं।
बॉडी लैंग्वेज बनी सफलता की कुंजी
उदाहरण के तौर पर, 2024 में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी के अध्ययन में पाया गया कि ऑनलाइन इंटरव्यू में 70प्रतिशत उम्मीदवार अपनी बॉडी लैंग्वेज को लेकर सजग नहीं रहते, जिससे उनके आत्मविश्वास की गलत छवि बन जाती है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बॉडी लैंग्वेज का अर्थ केवल हाव-भाव तक सीमित नहीं है। इसमें व्यक्ति का चेहरा, आवाज़ का टोन, बोलते समय का उत्साह और यहाँ तक कि बैकग्राउंड भी उसकी छवि का हिस्सा बन जाते हैं। एक प्रोफेशनल व्यक्ति के लिए कैमरे की ओर देखकर बात करना यह दर्शाता है कि वह सामने वाले को महत्व देता है।

वहीं बार-बार नज़रें झुकाना या मोबाइल स्क्रीन देखना यह संकेत देता है कि व्यक्ति या तो असहज है या ध्यान नहीं दे रहा। इसी तरह, ऑनलाइन कक्षाओं में अध्यापक की बॉडी लैंग्वेज विद्यार्थियों की रुचि और सहभागिता को सीधे प्रभावित करती है।
डिजिटल युग में कंपनियाँ और संस्थाएँ भी अब वर्चुअल कम्युनिकेशन ट्रेनिंग पर ज़ोर दे रही हैं। गूगल, इन्फोसिस और डेलॉइट जैसी कंपनियाँ अपने कर्मचारियों को सिखा रही हैं कि ऑनलाइन मीटिंग में कैसे बैठें, कैमरे का कोण कैसा हो, प्रकाश और मुद्रा कैसे रखी जाए, ताकि आत्मविश्वास झलके। यह साबित करता है कि आज की पेशेवर दुनिया में डिजिटल बॉडी लैंग्वेज केवल सहायक नहीं बल्कि सफलता का प्रमुख तत्व बन चुकी है।
डिजिटल युग में बॉडी लैंग्वेज बनी नई पहचान की भाषा
सोशल मीडिया पर भी यह प्रवृत्ति स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। किसी व्यक्ति की तस्वीर, उसका हाव-भाव और उसकी प्रस्तुति ही यह तय करते हैं कि वह कितना प्रभावशाली और विश्वसनीय लगता है। इसलिए कहा जा सकता है कि डिजिटल युग में बॉडी लैंग्वेज केवल बोलने का सहायक माध्यम नहीं, बल्कि एक ऐसी अभिव्यक्ति बन गई है जो शब्दों से पहले बोलती है। यह व्यक्ति की पहचान, आत्मविश्वास और पेशेवर छवि का आईना है।
यह भी पढे़: झारखंड : पीपीपी के तहत चार नए मेडिकल कॉलेज के लिए केंद्र की मंजूरी

आज जब हर बातचीत का माध्यम एक स्क्रीन बन गया है, तब यह और भी ज़रूरी है कि हम अपने शब्दों के साथ-साथ अपनी बॉडी लैंग्वेज को भी डिजिटल रूप में संवारें, क्योंकि इस युग में सफलता उसी की है जो न केवल अच्छे से बोलता है, बल्कि अपने शरीर और व्यवहार से भी आत्मविश्वास और सच्चाई की भाषा बोलना जानता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



