तालाबों के पुनरुद्धार में एसटीपी निर्माण अनिवार्य : रंगनाथ
हैदराबाद, हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि तालाब के पुनरुद्धार कार्य में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण अनिवार्य रूप से शामिल करें। आयुक्त ने राजेंद्र नगर मंडल के इब्राहिमबाग तालाब का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तालाबों के पुनरुद्धार कार्यों पर काफी खर्च किया जा रहा है। तालाबों का काम पूरा होने तक एसटीपी(सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) भी तैयार होने चाहिए, ताकि पुनरुद्धार कार्यों से तालाब के पानी को शुद्ध बनाए रखने में लाभ हो।
आयुक्त ने दूसरे चरण में किये जा रहे 14 तालाबों के पुनरुद्धार कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने तालाब से गाद को पूरी तरह हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे तालाबों की दुर्गंध दूर होगी और आसपास के क्षेत्रों में भूजल स्तर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यदि तालाबों के पुनरुद्धार के समय तक एसटीपी तैयार नहीं हुए, तो फिर से गंदा पानी तालाब में आकर जल को प्रदूषित कर सकता है।
एसटीपी कार्यों की निगरानी कर रहे जलबोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि तालाब के ऊपरी हिस्से में एसटीपी निर्माण में कोई बाधा न आए, यह सुनिश्चित किया जाए और कार्यों में तेजी लाई जाए। अधिकारियों ने बताया कि 56 एमएलडी क्षमता के एसटीपी बनाए जा रहे हैं। एसटीपी से आने वाले पानी को पहले सेडिमेंटेशन पांड में ले जाकर वहाँ से मुख्य तालाब में पहुँचाने की व्यवस्था की जाएगी।
यह भी पढ़ें… सरकारी स्तर पर मनाया जाएगा श्री वासवी माता जयंती उत्सव
आयुक्त ने बताया कि इब्राहिमबाग तालाब लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इसके एफटीएल(फुल टैंक लेवल) क्षेत्र में आने वाले अतिक्रमणों को पहले ही हैद्रा द्वारा हटाया जा चुका है। अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि विकसित तालाबों की तरह इसके चारों ओर भी पाथवे बनाया जाए और सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आराम करने योग्य विकास कार्य किए जाएं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





