क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन : कृषि-रसायन संयंत्र में 100 करोड़ का निवेश
नयी दिल्ली, गुजरात के झगड़िया क्षेत्र में कृषि-रसायन क्षेत्र की कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन ने कर्ल-ऑन लिमिटेड से लगभग 31 एकड़ भूमि तथा संबंधित संपत्तियां खरीदकर नए विनिर्माण संयंत्र की स्थापना की घोषणा की है। जिसके अंतर्गत कंपनी अगले तीन वर्षों में पूर्णतः स्वचालित कृषि-रसायन फॉर्मूलेशन एवं प्रौद्योगिकी उत्पाद निर्माण इकाई पर लगभग 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और प्रारंभिक चरण में प्रतिवर्ष पचास हजार टन उत्पादन क्षमता विकसित करते हुए बढ़ती मांग के अनुसार इसे एक लाख बीस हजार टन तक विस्तार करने की योजना रखती है।
इस संयंत्र में खरपतवारनाशी, फफूंदनाशी तथा कीटनाशी उत्पादों का निर्माण किया जाएगा जिनका लक्ष्य घरेलू बाजार के साथ एशिया और अफ्रीका के निर्यात अवसरों को सशक्त बनाना है, जबकि कंपनी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि भरूच जिले के झगड़िया में स्थापित होने वाला यह विश्वस्तरीय विनिर्माण केंद्र कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता और तकनीकी विकास को मजबूती देगा। कंपनी के अनुसार किफायती लागत, नियामकीय स्थिरता और सुदृढ़ आपूर्ति व्यवस्था के कारण गुजरात को प्राथमिक स्थान चुना गया है तथा दहेज, हजीरा और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह जैसे प्रमुख समुद्री बंदरगाहों तक आसान पहुंच मिलने से निर्यात गतिविधियों को भी महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त होगा। (भाषा)
यह भी पढ़ें… वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की आर्थिक वृद्धि जी-20 में सबसे तेज : मूडीज़ रिपोर्ट
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



