चीनी व नायलन मांझे के खिलाफ साइबराबाद पुलिस की कड़ी चेतावनी
हैदराबाद, साइबराबाद पुलिस ने चीनी मांझा व नायलन मांझा बेचने व इसका उपयोग करने वाले को कड़ी चेतावनी दी। पुलिस ने कहा कि इस मांझे का पशु-पक्षी से लेकर आम लोग भी शिकार हो रहे हैं। इस वर्ष चीनी मांझा बेचने वालों के खिलाफ 53 मामले दर्ज किए गए और इस मामले को लेकर आगे और अधिक सख्ती बरती जाएगी।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में साइबराबाद पुलिस आयुक्त एम. रमेश ने कहा कि इस मांझे की वजह से कई हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर आसमान में उड़ती पतंग खुशी देते हैं, वहीं मांझे का धागा सड़क पर गिरकर मौत का कारण बन रहा है। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो इंसान और पशु-पक्षियों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि साइबराबाद आयुक्तालय की परिधि में मियाँपुर-चंदानगर की मुख्य सड़क, माधापुर, हाईटेकसिटी, कुकटपल्ली, गच्ची बावली जैसे इलाकों में हाल ही में दुपहिया वाहन चालकों के गले में चाइनीज मांझा फँसने से गंभीर रूप से घायल होने की घटनाएँ प्रकाश में आई हैं।
यह भी पढ़ें… सुधीर बाबू ने फ्यूचर सिटी पुलिस आयुक्त का पद्भार संभाला
चीनी मांझा बेचने और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध
बालानगर सड़क पर हाल ही में दुपहिया वाहन चालक के गले में चीनी मांझा फँसने के कारण वह बुरी तरह से घायल हो गया। इतना ही नहीं, पेड़ों और बिजली के तारों से लटके इस मांझे में फँसने के कारण कई पक्षियों की जान चली गई। इन सभी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए चीनी मांझे को बेचने और इसका उपयोग करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने मकर संक्रांति पर्व को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों पर नजर रखने और उन्हें इस मांझे का उपयोग करने से रोकने की आवश्यकता जताई। उन्होंने पतंग उड़ाते समय अपने बच्चों पर कड़ी नजर रखने पर जोर दिया, जिससे कि वे हादसों का शिकार न हों।
विशेषकर रेलवे लाइन, बिजली लाइन, बिजली ट्रांसफार्मर, सेल टॉवर के पास पतंग न उड़ाने की सलाह दी। इन क्षेत्रों में पतंग उड़ाना अपनी जान पर खेलने के बराबर होगा। उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की आवश्यकता जताई, जिससे कि वे इस मांझे की चपेट में आने से बच सके। उन्होंने बच्चों से बिजली के तारों में फँसी पतंग को न निकालने और कहीं पर भी चीनी मांझा लटका हुआ देखने पर तुरन्त जीएचएमसी को सूचना देने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि कहीं पर भी चीनी मांझा पड़ा हुआ हो तो उसे इकट्ठा कर कचरे में डाल दे। उन्होंने चेताया कि यदि चाइनीज मांझे का गैर-कानूनी तरीके से इस्तेमाल किया गया, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



