केरल में मुख्यमंत्री पद पर फैसला 24 घंटे में संभव: मुरलीधरन

तिरुवनंतपुरम, केरल में मुख्यमंत्री पद के तीन प्रमुख दावेदार होने के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने शनिवार को कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अगले 24 घंटे के भीतर राज्य के नए मुख्यमंत्री पर अंतिम फैसला ले सकता है। केरल विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की भारी जीत के बाद वरिष्ठ नेताओं वी डी सतीशन, रमेश चेन्निथला और के सी वेणुगोपाल के समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं को मुख्यमंत्री बनाने की मांग तेज कर दी है।
मुरलीधरन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिल्ली से जो जानकारी मिल रही है, उसके अनुसार मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर चर्चा अगले 24 घंटे में पूरी हो जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि जनता में उत्साह जरूर है, लेकिन केवल ‘फ्लेक्स बोर्ड’ और रैलियों के आधार पर नेतृत्व तय नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेतृत्व विधायकों और गठबंधन सहयोगियों की राय को भी महत्व देगा।
मुरलीधरन ने कहा, ‘‘मैंने आलाकमान के प्रतिनिधियों से क्या कहा, यह सार्वजनिक नहीं करूंगा। मैंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की भावनाएं उन्हें बता दी हैं। जनता ने जो राय व्यक्त की, उसे स्पष्ट रूप से उनके सामने रखा गया।’’ उन्होंने कहा कि सही समय पर फैसला लिया जाएगा और मुख्यमंत्री चुनने में केवल वरिष्ठता ही एकमात्र आधार नहीं होता।
‘गठबंधन सहयोगियों की राय पर भी स्वाभाविक रूप से विचार
मुरलीधरन के अनुसार, अधिकतर विधायकों और सहयोगी दलों की राय भी महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि कांग्रेस-नीत यूडीएफ सरकार किसी एक पार्टी की सरकार नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘गठबंधन सहयोगियों की राय पर भी स्वाभाविक रूप से विचार करना होगा। यह एक गठबंधन सरकार है।’’
मुरलीधरन की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं जब राज्य के कई हिस्सों में सतीशन के समर्थन में सार्वजनिक अभियान तेज हो गया है। यूडीएफ की बड़ी जीत के बाद सतीशन के समर्थन में फ्लेक्स बोर्ड, पोस्टर, प्रदर्शन और रोड शो आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, के सी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के समर्थन में भी कई जगहों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे पार्टी के भीतर अलग-अलग गुटों का दबाव बढ़ता दिख रहा है।
नवनिर्वाचित विधायकों की राय जानने के लिए कांग्रेस नेतृत्व द्वारा नियुक्त दो पर्यवेक्षकों ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंप दी और आलाकमान से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर अंतिम निर्णय लेने का आग्रह किया। अब ध्यान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पर केंद्रित हो गया है, जहां कांग्रेस नेतृत्व ने सरकार गठन और नेतृत्व के मुद्दे पर चर्चा के लिए केरल के वरिष्ठ नेताओं को बुलाया है।
वी डी सतीशन, रमेश चेन्निथला, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) अध्यक्ष सनी जोसेफ समेत कई नेता शुक्रवार रात दिल्ली पहुंचे, जहां वे पार्टी नेतृत्व के साथ सरकार गठन और नेतृत्व के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। (भाषा)
यह भी पढ़े– हैद्रा आयुक्त ने नामपल्ली स्थल का निरीक्षण, अग्नि सुरक्षा उल्लंघन पर कार्रवाई
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



