दीपक भवन स्वर्ण जयंती समारोह, 50 वर्ष पूरे
हैदराबाद, सुल्तान बाजार, हैदराबाद स्थित श्री गुजराती प्रगति समाज द्वारा संचालित दीपक भवन ने स्वर्ण जयंती (1976-2026) समारोह का आयोजन किया।
यहाँ श्री गुजराती प्रगति समाज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ती में बताया गया कि शनिवार को सुबह 11.11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ कैक कटिंग समारोह से हुआ। अवसर पर श्री गुजराती प्रगति समाज के उपाध्यक्ष महेश पटेल, अतिरिक्त उपाध्यक्ष नितिन शाह, कोषाध्यक्ष अंबालाल पटेल, सहमंत्री घनश्याम पटेल, दीपक भवन के संचालक राजेश रामानी, पटेल घनश्याम भवन के संचालक दिनेश गोसर, प्रगति महाविद्यालय के कॉरेस्पोंडेंट गोपाल पटेल, प्रगति जूनियर कॉलेज के कॉरेस्पोंडेंट राजेश शाह, ट्रस्टी हेमेंद्र शाह, कमेटी सदस्य उदय मेहता, अरविंद पटेल, रमेश सावला, भारतीबेन पटेल, चेतनाबेन पटेल के साथ आमंत्रित सदस्य रिद्धिश जागीरदार आदि गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
श्री गुजराती प्रगति समाज के उपाध्यक्ष महेश पटेल ने बताया कि दीपक भवन की 50 वर्षों की गौरव यात्रा का सार प्रस्तुत करते हुए हर्षोल्लास का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि दीपक भवन की स्थापना का मूल उद्देश्य केवल अतिथिगृह बनाना नहीं था, बल्कि हैदराबाद आने वाले मेहमानों को सुविधाजनक, सुलभ और आत्मीयता प्रदान करना था। उस समय होटल में ठहरने की व्यवस्था अपेक्षाकृत महँगी और औपचारिक होती थी।
बाहर से आने वालों के लिए विशेष व्यवस्था
समाज ने यह सोचा कि यदि बाहर से आने वाले परिवारों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और समाजसेवियों को ऐसा स्थान मिले जहाँ वे कम किराए में, परंतु विशेष सुविधाओं के साथ ठहर सकें, तो यह न केवल उनके लिए सहूलियत होगी, बल्कि समाज की एकता और सहयोग की भावना भी मजबूत होगी। पचास वर्षों की इस यात्रा में दीपक भवन ने हजारों मेहमानों का स्वागत किया है।
ट्रस्ट बोर्ड चेयरमैन नीतिन धरोड़ ने कहा कि दीपक भवन केवल इमारत नहीं, बल्कि समाज की सेवा-भावना और दूरदर्शिता का जीवंत प्रतीक है। यह अतिथिगृह आज भी उसी उद्देश्य को निभा रहा है, जिसके लिए इसकी नींव रखी गई थी, कम खर्च में अधिक सुविधा और आत्मीयता।
दिपक भवन के सह-संचालक घनश्याम पटेल ने कहा कि भवन के स्थान का चयन बहुत सोच-समझकर किया गया, हैदराबाद के मध्य में, ताकि आगंतुक अतिथि को परिवहन या पहुँच की कठिनाई न हो। यहाँ के 60 से अधिक वातानुकूलित कमरे आधुनिक सुविधाओं से युक्त हैं। विशेषता यह रही कि यहाँ ठहरने वाले हर व्यक्ति को केवल कमरे की सुविधा ही नहीं, बल्कि विश्वास, स्नेह और आतिथ्यभाव का अनुभव मिला है।
यह भी पढ़ें… श्रीमद् भागवत कथा का निमंत्रण पत्र विमोचित
दीपक भवन की 50 वर्ष की गौरव यात्रा
पटेल घनश्याम भवन के संचालक दिनेश गोसर ने कहा कि दीपक भवन की 50 वर्ष की गौरव यात्रा समाज की एकता, श्रद्धा और प्रगति के मूल्यों को प्रतिबिंबित करती है। इस स्वर्ण जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह ने न केवल समाज के इतिहास को उजागर किया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना है।
कार्यक्रम में प्राणीमित्र रमेश जागीरदार मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक मंत्री रिद्धिश जागीरदार ने कहा कि इस स्वर्ण जयंती पर यह कहना उचित होगा कि दीपक भवन ने न केवल मेहमानों को ठहरने की जगह दी, बल्कि उन्हें यह अनुभव कराया कि हैदराबाद में उन्हें अपनेपन का घर मिला है। अवसर पर श्री गुजराती प्रगति समाज के उपाध्यक्ष महेश पटेल, कोषाध्यक्ष अंबालाल पटेल, सहमंत्री घनश्याम पटेल, दीपक भवन के संचालक राजेश रामानी का रिद्धिश जागीरदार ने स्मृति चिह्न भेंटकर अभिनंदन किया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने स्नेहभोज किया।
अवसर पर समाज द्वारा राहगिरों की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्था की। भीषण गर्मी को देखते हुए शीतल छाँछ की सेवा उपलब्ध कराई गई। यह सेवा समाज के प्रति आतिथ्य भाव और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण का प्रतीक है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



