दिल्ली : फर्जी प्रोफाइल से 500 महिलाओं को ठगने वाला गिरफ्तार

नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल के जरिए डॉक्टर, फिल्म निर्माता, वकील, कारोबारी एवं मॉडल बनकर देशभर की 500 से ज्यादा महिलाओं से दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में 35 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

दक्षिण पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित गोयल ने बृहस्पतिवार को एक बयान में बताया कि जिले की साइबर पुलिस की एक टीम ने आरोपी आनंद कुमार को गिरफ्तार किया है, जिसपर डेटिंग और विवाह संबंधी मंचों के माध्यम से महिलाओं को निशाना बनाकर रोमांस स्कैम, मोहपाश और ऑनलाइन ब्लैकमेल का एक संगठित नेटवर्क चलाने के आरोप हैं।

पुलिस ने बताया कि कुमार महिलाओं से संपर्क करने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के साथ-साथ डेटिंग और विवाह संबंधी ऐप’ पर फर्जी पहचान के आधार पर प्रोफाइल बनाता था। डीसीपी ने कहा, ‘वह खुद को एक प्रभावशाली पृष्ठभूमि वाले सुस्थापित पेशेवर व्यक्ति के रूप में पेश करता था, और भरोसा जीतने और पीड़िताओं को आकर्षित करने के लिए अक्सर खुद को डॉक्टर, व्यवसायी या फिल्म निर्माता बताता था।’

जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी पीड़िताओं से दोस्त के तौर पर बातचीत शुरू करता था और धीरे-धीरे कई दिनों या हफ्तों में उनके साथ भावनात्मक संबंध बनाता था और विश्वास कायम होने के बाद, वह उनके साथ निजी ‘मैसेजिंग मंचों’ पर जाकर बातचीत करता था और इन मंचों का इस्तेमाल कई मोबाइल नंबरों के जरिए किया जाता था ताकि पकड़े जाने से बचा जा सके। उन्होंने कहा, “आरोपी ने एक ही समय में कई पीड़ितओं से समानांतर बातचीत की। उसने भावनात्मक कमजोरियों का फायदा उठाया और पीड़िताओं को अपने भरोसे में लेने के लिए घनिष्ठता का भाव पैदा किया।’

शादी और मॉडलिंग के नाम पर लाखों की ठगी

अधिकारी ने बताया कि पीड़िताओं का विश्वास जीतने के बाद, कुमार उनसे पैसे ऐंठने के लिए चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति, कारोबार में घाटा, पारिवारिक संकट या आर्थिक तंगी जैसी मनगढ़ंत कहानियां गढ़ता था। कई मामलों में, वह पीड़िताओं को लुभाने के लिए शादी या मॉडलिंग असाइनमेंट या प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश दिलाने जैसे आकर्षक अवसरों का भी वादा करता था।” डीसीपी ने कहा कि एक मामले में, वैभव अरोड़ा नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसने एक महिला से कथित तौर पर लगभग सात लाख रुपये ऐंठ लिए।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने पहले एक डेटिंग ऐप पर इस महिला से दोस्ती की और बाद में शादी का वादा किया। आरोपी ने एक और फर्जी पहचान के आधार पर आईडी बनाई और इसमें खुद को कुमार का दोस्त बताते हुए महिला से परिचय किया और दावा किया कि वह उनके रिश्ते को औपचारिक रूप में तय करने में मदद करेगा। पुलिस ने बताया कि कुमार ने आर्थिक तंगी की झूठी कहानियां गढ़ीं और पीड़िता से पैसे ले लिए। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तो उसने पीड़िता को जवाब देना बंद कर दिया।

निजी फोटो-वीडियो के नाम पर करता था ब्लैकमेल

इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी का पता लगाने के लिए एक टीम ने धन के लेन-देन, बैंक खातों और तकनीकी विश्लेषण की छानबीन की। आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी पता चला कि वित्तीय धोखाधड़ी के अलावा, आरोपी कथित तौर पर पीड़िताओं द्वारा साझा की गई निजी सामग्री का फायदा उठाकर जबरन वसूली भी करता था। ऑनलाइन बातचीत के दौरान, वह महिलाओं को निजी तस्वीरें या वीडियो साझा करने के लिए राजी करता था और महिलाओं द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर इनको सार्वजनिक करने की धमकी देता था।

पूछताछ और उसके उपकरणों की जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि वह एक साथ फर्जी पहचानों के आधार पर कई सोशल मीडिया प्रोफाइल चला रहा था और कई राज्यों में पीड़िताओं के साथ संवाद कर रहा था। अधिकारी ने बताया, ‘तकनीकी विश्लेषण से पता चला है कि आरोपी ने 500 से अधिक महिलाओं को निशाना बनाया था और उनसे लगभग दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी या जबरन वसूली की थी।’ उन्होंने बताया कि दिल्ली और गाजियाबाद में भी इसी तरह के मामलों में उसकी संलिप्तता रही है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button