‘आप’ छोड़ने वाले सांसदों की अयोग्यता की मांग : संजय सिंह
नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने शनिवार को कहा कि पार्टी राज्यसभा सभापति को पत्र लिखकर उन सात सांसदों को सदन से अयोग्य घोषित करने की मांग करेगी, जिन्होंने एक दिन पहले पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था।
संजय सिंह ने कहा, ‘‘दल-बदल विरोधी कानून स्पष्ट रूप से कहता है कि राज्यसभा और लोकसभा में किसी भी प्रकार का विभाजन या गुटबंदी नहीं हो सकती। इसे कोई कानूनी मान्यता नहीं मिलती, भले ही दो-तिहाई बहुमत हो।’’ उन्होंने कहा कि संविधान की दसवीं अनुसूची और दल-बदल विरोधी कानून दोनों ही राज्यसभा या लोकसभा में किसी भी प्रकार के विभाजन, अलग गुट या धड़े को मान्यता नहीं देते, चाहे दो-तिहाई बहुमत ही क्यों न हो।
संजय सिंह ने सात सांसदों के भाजपा में शामिल होने के फैसले को पूरी तरह असंवैधानिक और गैरकानूनी करार देते हुए कहा, ‘‘मैं उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा सभापति को इन सातों सांसदों को अयोग्य घोषित करने के लिए पत्र लिख रहा हूं।’’ आप के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने पांच अन्य सांसदों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की शुक्रवार को घोषणा की थी। एक प्रेस वार्ता में चड्ढा ने कहा था कि ‘आप’ के दस में से सात राज्यसभा सदस्य भाजपा में विलय के लिए तैयार हैं। (भाषा)
यह भी पढे़: निलंबित सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





