पर्यटन स्थल के विकास में सहयोग दें निजी संस्थाएँ : जुपल्ली कृष्णा राव
हैदराबाद, पर्यटन मंत्री जुपल्ली कृष्णा राव ने कहा कि पर्यटन केवल आय का स्रोत ही नहीं है, बल्कि यह हमें विरासत और प्राचीन संस्कृति से भी परिचित कराता है। मंत्री ने शिल्पकला वेदिका में आयोजित दक्षिण भारत सीएसआर शिखर सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने यहाँ अपने संबोधन में कहा कि दुनियाभर से पर्यटक तेलंगाना आ रहे हैं। यहाँ की परंपराएँ, त्यौहार, हस्तशिल्प और व्यंजन विश्व प्रसिद्ध हैं।
पर्यटन के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। स्थानीय कलाकारों, बुनकरों और छोटे व्यापारियों को रोजगार मिल रहा है। मंत्री ने कहा कि सामाजिक कॉर्पोरेट उत्तरदायित्व कॉर्पोरेट सफलता को सामाजिक प्रगति से जोड़ता है। ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, युवाओं के कौशल विकास, पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में यह अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी संगठनों से एक-एक पर्यटन स्थल को अपनाने का आह्वान करते हुए मंत्री ने कहा कि यह केवल वित्तीय सहयोग नहीं है, बल्कि यह एक ज़िम्मेदार साझेदारी है। सरकार इसे अपनाने वाले संगठनों को उचित मान्यता भी प्रदान करेगी।
यह भी पढ़ें…सत्ता किसी के लिए शास्वत नहीं : कविता
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



