बादलों के बीच बैठकर खाना खा सकते हैं? हैदराबाद में नया अनुभव
हैदराबाद। राजधानी हैदराबाद के हाईटेक सिटी में अब भोजन का स्वाद सिर्फ़ जुबान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपको आसमान की ऊंचाइयों तक ले जा रहा है। Cloud Dining के जरिए आप जमीन से 160 फीट ऊपर हवा में लटककर भोजन का आनंद ले सकते हैं। यह अनुभव एडवेंचर और लक्जरी का एक अनूठा संगम है।
एक विशाल औद्योगिक हाइड्रोलिक क्रेन 26 सीटों वाले डाइनिंग प्लेटफॉर्म को धीरे-धीरे आसमान में ले जाती है। ऊपर पहुंचते ही शिल्परामम कल्चरल सेंटर, साइबर टावर्स की चमक और नीचे रिबन की तरह फैला फ्लाईओवर एक अद्भुत दृश्य पेश करते हैं। हवा की ठंडक और शहर की रोशनी इस अनुभव को और भी यादगार बना देती है।
360 डिग्री तक घूम सकती हैं सीटें
160 फीट की ऊंचाई पर सुरक्षा को लेकर सवाल उठना लाजमी है। इसके लिए डाइनिंग प्लेटफॉर्म में फाइव-पॉइंट सेफ्टी बेल्ट और बकल दिए गए हैं। सीटें 360 डिग्री तक घूम सकती हैं, ताकि आप हर दिशा का नजारा देख सकें। प्रबंध निदेशक देवी दत्त कोली और तरुण कोली के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को GHMC से सभी सुरक्षा प्रमाण पत्र प्राप्त हैं और एक सुरक्षा प्रशिक्षक हमेशा साथ मौजूद रहता है। खराब मौसम या 24 किमी/घंटा से अधिक हवा होने पर डाइनिंग को तुरंत नीचे उतार दिया जाता है।

नियम और शर्तें
यहाँ शाम 6:30 से रात 11:30 बजे तक कुल तीन सेशन होते हैं। प्रत्येक सेशन करीब 45-60 मिनट का होता है।
- उम्र सीमा: 13 वर्ष से अधिक होना आवश्यक
- ऊंचाई: न्यूनतम 143 सेमी
- वजन सीमा: अधिकतम 150 किलो
- गर्भवती महिलाओं के लिए अनुमति नहीं
- दिव्यांगजन: विशेष व्यवस्था पहले सूचित करने पर की जा सकती है
बीच में एक बार ब्रेक
हर सेशन के बीच में एक टॉयलेट ब्रेक मिलता है। लेकिन निर्धारित समय के बाद ब्रेक मांगने पर नीचे आने के बाद वापस ऊपर जाने की अनुमति नहीं होती और न ही रिफंड मिलता है। आसमान में गूंजता संगीत नीचे के शोर को कम कर देता है, जिससे आप शांति से अपने भोजन और ऊंचाई का लुत्फ उठा सकते हैं। यदि आप रोमांच के शौकीन हैं और कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो हैदराबाद का यह “डिनर इन द क्लाउड्स” आपके लिए ही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



