ईडी की वीडियोकॉन केस में ब्रिटिश नागरिक पर चार्जशीट
नयी दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने वीडियोकॉन समूह से जुड़े बैंक ऋण धोखाधड़ी और धनशोधन मामले में एक ब्रिटिश नागरिक के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।
यह मामला कंपनी की मोजाम्बिक, ब्राजील और इंडोनेशिया स्थित तेल एवं गैस संपत्तियों के वित्तपोषण से जुड़ा है। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि पूरक अभियोजन शिकायत में सचिन देव दुग्गल, स्विस कंपनी एनहोल्डिंग्स एसए चेयरमैन और भारतीय प्रौद्योगिकी फर्म निवियो टेक्नोलॉजीज और इंजीनियर.एआई के लाभकारी मालिक का नाम शामिल है। दुग्गल ब्रिटेन के नागरिक और निवासी हैं।
जांच के दौरान वह ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए और उन्होंने ईमेल के माध्यम से केवल ‘अधूरे और टालमटोल वाले’ दस्तावेज़ी जवाब ही दिए। इस मामले में ईडी ने दिसंबर 2025 में पहला आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें वीडियोकॉन ग्रुप के प्रवर्तक वेणुगोपाल धूत और 12 अन्य को आरोपी बनाया गया था। फरवरी में एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने फरवरी इस पर संज्ञान लिया।
धनशोधन का यह मामला जून 2020 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी से जुड़ा है। इसमें आरोप लगाया गया था कि वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड (वीआईएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी वीडियोकॉन हाइड्रोकार्बन होल्डिंग्स लिमिटेड (वीएचएचएल) ने भारतीय स्टेट बैंक के नेतृत्व वाले बैंकों के एक समूह से 277.36 करोड़ अमेरिकी डॉलर की एसबीएलसी (स्टैंडबाय लेटर ऑफ क्रेडिट) सुविधा ली थी। ईडी के अनुसार, यह ऋण सुविधा मोजाम्बिक, ब्राजील और इंडोनेशिया में विदेशी तेल और गैस संपत्तियों के विकास के लिए ली गई थी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






