बिहार में पहले चरण का मतदान आज शुरू
पटना, विधानसभा चुनावों का पहला चरण आज आयोजित हो रहा है। राज्य की कुल 243 सीटों के लिए दो चरणों (6 नवंबर और 11 नवंबर) में मतदान किया जा रहा है। इस पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी मतगणना का काम दोनों चरणों की वोटिंग समाप्त होने के बाद 14 नवंबर को होगा।
आज के चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने पूरी तैयारी कर ली है और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए विशेष बल तैनात किए गए हैं। पहले चरण में 3.75 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिला एवं 758 थर्ड जेंडर के मतदाता वोट डालेंगे। मतदान के साथ ही 1314 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। इनमें 122 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। पांच विधानसभा क्षेत्रों- सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर एवं जमालपुर की सभी बूथों पर तथा सूर्यगढ़ा के 56 बूथों पर शाम पांच बजे तक ही मतदान होगा। चुनाव आयोग ने इन्हें संवेदनशील बूथ माना है।
दोनों चरण पूरे होने के बाद 14 नवंबर को होगी मतगणना
पहले चरण के चुनाव में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा बिहार के सरकार के 14 मंत्रियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। मंत्रियों में विजय कुमार चौधरी, मंगल पांडेय, रत्नेश सदा, संजय सरावगी, जिबेश मिश्रा, मदन सहनी, केदार प्रसाद गुप्ता, राजू कुमार सिंह, सुनील कुमार, कृष्ण कुमार मंटू, महेश्वर हजारी, डा. सुनील कुमार, श्रवण कुमार, नितिन नवीन शामिल हैं। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, रालोमो अध्यक्ष मदन चौधरी की सीटों पर भी वोट पड़ेंगे।
पहले चरण में इंडिया गठबंधन की ओर से राजद 73, कांग्रेस 24, भाकपा माले ने 14 सीटों, भाकपा 5, माकपा 3, वीआईपी 5, आईआईपी 3 सीटों पर मैदान में हैं। एनडीए की ओर से जदयू 57, भाजपा 48, लोजपा (रा.) 14 और रालोमो ने 2 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। जनसुराज पार्टी इस चरण में 119 सीटों और एआईएमआईएम 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पहले चरण के चुनाव में चुनाव आयोग लाइव वेबकास्टिंग के जरिए सभी बूथों की निगरानी करेगा। इसका लाइव प्रसारण चुनाव आयोग द्वारा बनाए गए कंट्रोल रूम में होगा। पल-पल की मतदान प्रक्रिया पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय एवं चुनाव आयोग द्वारा सख्त नजर रखी जाएगी। पहले चरण के चुनाव में सबसे कम मतदाता वाला क्षेत्र बरबीघा एवं सर्वाधिक मतदाता वाला दीघा विधानसभा क्षेत्र है।
सुरक्षा व्यवस्था में केंद्रीय सुरक्षा बल की 1500 से अधिक कंपनी
बिहार विधानसभा के पहले चरण में सभी 45341 मतदान केंद्रों पर सशस्त्र बलों की तैनाती की गई चुनाव आयोग ने कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए है और मतदान को लेकर राज्य की नेपाल एवं अन्य राज्यों से लगी सभी सीमाएँ सील कर दी गई है। असामाजिक तत्वों की तत्काल गिरफ्तारी होगी। सुरक्षा व्यवस्था में केंद्रीय सुरक्षा बल की 1500 से अधिक कंपनी के साथ ही करीब 4.5 लाख सुरक्षा बलों को लगाया गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर है।
मतदान को लेकर मतदाता निजी वाहन से मतदान केंद्र भवन तक जा सकेंगे। मतदान केंद्र के अंदर निजी वाहन नहीं जाएंगे। निजी वाहनों के परिचालन पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। राजनीतिक दलों के द्वारा बूथ के बाहर 100 मीटर की दूरी पर मतदाता पर्ची वितरण शिविर लगाया जा सकता है। पहले इसे 200 मीटर पर लगाया जाता था। हरेक मतदान केंद्र भवन में एक मतदाता हेल्पडेस्क बनाया गया है, जहां बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़े– भारास और भाजपा पिछड़ा वर्ग आरक्षण में बाधा बन रहे है- महेश कुमार गौड़
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





