ज्ञान पर ध्यान, रेवंत सरकार ने 6 प्रमुख एनजीओ से किया करार
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार ने सरकारी स्कूलों के छात्रों को नि:शुल्क अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षण सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से प्रमुख गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की उपस्थिति में रविवार को शिक्षा विभाग की ओर से गैर सरकारी संगठनों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये गये। सरकार छह प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के सहयोग से सरकारी स्कूलों में उन्नत एड-टेक सुविधाएं प्रदान करेगी।
इसके लिए शिक्षा विभाग ने नंदन नीलेकणी के नेतृत्व वाले वन स्टेप फाउंडेशन, युद्धवीर पुरस्कार ग्रहीता डॉ. सुनीता कृष्णन के नेतृत्व वाले प्रज्वला फाउंडेशन, अलक पांडे के नेतृत्व वाले फिजिक्स वाला, खान अकादमी, शोएबदार के नेतृत्व वाले पाई-जैम फाउंडेशन और सफीना हुसैन के नेतृत्व वाले एजुकेट गर्ल्स जैसे प्रसिद्ध संगठनों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। सरकार को उम्मीद है कि देश भर के विभिन्न राज्यों में प्रसिद्ध संगठनों की साझेदारी से तेलंगाना के शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए जा सकेंगे।

शिक्षा विभाग द्वारा कहा गया है कि राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सीएम रेवंत रेड्डी के विचारों के अनुरूप यह निर्णय लिया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रजा सरकार द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे कार्यक्रमों और योजनाओं से प्रभावित होकर विभिन्न संगठन राज्य सरकार के साथ काम करने के लिए आगे आ रहे हैं। नंदन नीलेकणी के नेतृत्व में वन स्टेप फाउंडेशन 540 स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्लेटफॉर्म के साथ काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें… बेहतर शिक्षा सरकार का लक्ष्य : रेवंत रेड्डी
तकनीकी शिक्षा और सुरक्षा हेतु व्यापक एनजीओ साझेदारी
अब इसका विस्तार 33 जिलों के 5 हजार से अधिक प्राथमिक स्कूलों में होगा। यह संगठन कक्षा 3 से 5 तक तेलुगु और अंग्रेजी भाषाओं को सिखाने के साथ गणित के प्रश्न भी हल करेगा। वहीं फिजिक्स वाला इंटरमीडिएट के छात्रों को नीट, जेईई, क्लॉट परीक्षाओं के लिए तैयार करने में मदद करेगा है। यह संगठन स्कूली स्तर से ही छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के दृष्टिकोण से मुफ्त प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
खान अकादमी राज्य में कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों को पाठ्यक्रम के अनुरूप वीडियो आधारित स्टेम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, गणित) प्रशिक्षण प्रदान करेगा। इसी तरह प्रज्वला फाउंडेशन राज्य भर में कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए बाल सुरक्षा और संरक्षण कार्यक्रम शुरू करेगा। पाई-जैम फाउंडेशन कक्षा 1 से 10 तक के विद्यार्थियों को कोडिंग और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग पर प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
एजुकेट गर्ल्स संगठन राज्य में 16 हजार से अधिक स्कूल न जाने वाले बच्चों को वापस पाठशाला को लायेगी। साथ ही लड़कियों के लिए साक्षरता और शैक्षिक अवसरों में सुधार लाने का प्रयास करेगी। हस्ताक्षर के दौरान सरकार के सलाहकार केशव राव, शिक्षा सचिव योगिता राणा, सीएम के विशेष सचिव अजित रेड्डी, स्कूली शिक्षा निदेशक नरसिम्हा रेड्डी, नवीन निकोलस, शिक्षा विशेष सचिव हरिता और एनजीओ संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



