शहर की बेकरियों पर जीएचएमसी खाद्य सुरक्षा विभाग के छापे
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम ने स्वास्थ्य सुरक्षा की जाँच के लिए आज लगभग 5 दर्जन बेकरियों पर छापे मारे हैं। अधिकारियों ने औचक निरीक्षण के दौरान पाया कि बेकरियों में स्वास्थ्य एवं सफाई के मानक नियमों का धडल्ले से उल्लंघन किया जा रहा है।
जीएचएमसी की खाद्य सुरक्षा टीमें अपने सर्किल क्षेत्र में प्रति दिन कम से कम 5 बेकरीज़ पर अचानक निरीक्षण कर रहे हैं। अब तक कुल 57 बेकरियों का निरीक्षण किया गया है और यह अभियान लगातार जारी है। निरीक्षण के दौरान एकत्रित खाद्य नमूनों में से 32 नमूने जाँच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, नाचारम, हैदराबाद को भेजे गए हैं।
जीएचएमसी ने खाद्य व्यापार संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सामग्री की तैयारी, बिक्री एवं रसोई क्षेत्र की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। काउंटर पर रखे गए खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि और उपयोग की समय-सीमा जैसी जानकारी उचित लेबलिंग द्वारा अनिवार्य रूप से की जाए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम एवं विनियम, 2011 का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों को सुधार हेतु नोटिस दिए जा रहे हैं। किसी बड़ी अनियमितता की स्थिति में संबंधित अधिकारी के समक्ष वाद प्रस्तुत किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: खाद्य सुरक्षा और पर्यावरण के प्रति जागरूक किये गये किसान
निरीक्षण के दौरान पाई गई सामान्य अनियमितताएं
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि एफएसएसएआई लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित नहीं किया गया। बिक्री हेतु डिस्प्ले में रखे खाद्य पदार्थों पर “बेस्ट बिफोर/यूज़ बाय” तारीख अंकित नहीं की गयी। कचरे के डिब्बे खुले पाए गए। परिसर में मक्खियों की भरमार देखी गई। फर्श पर खाद्य अपशिष्ट फैला हुआ पाया गया। कर्मचारियों का स्वास्थ्य रिकॉर्ड और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। कुछ कर्मी बिना हेयरनेट के कार्य करते पाए गए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



