मेहनत ने बनाया विराट कोहली का बॉडी डबल

Ad

बचपन में इन्हें क्रिकेट का शौक था, लेकिन शायद ही इन्होंने कभी यह सोचा था कि ये भविष्य में विराट कोहली के बॉडी डबल बनकर उनके साथ 25 विज्ञापनों का हिस्सा बनेंगे। आज ये विराट कोहली के हमशक्ल के साथ ही मॉडल और सेलेब्रिटी शेफ के रूप में अपनी अलग पहचान रखते हैं। ये हैं तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के समीर अली, जो अभी हैदराबाद के एयरलाइव पब में एग्जीक्यूटिव शेफ हैं और हैदराबादियों को दुनिया के मल्टी कुजिन जायके से परिचित करा रहे हैं।

जिम और होटल में साफ-सफाई से शुरू हुई इनकी यात्रा आज उस मुकाम पर है कि समीर को मास्टर शेफ के हैदराबाद और बेंगलुरु में हुए ऑडिशन राउंड में बतौर टेस्टिंग जज आमंत्रित किया जा चुका है। समीर का एक छोटे-से गांव पल्वंचा से निकलकर यहां तक पहुंचना बिल्कुल भी आसान नहीं था। दसवीं परीक्षा में पांच बार फेल होने वाले बच्चे को पता ही नहीं था कि जीवन में क्या करना है, लेकिन इनकी मेहनत और ईमानदारी ने इनकी राह को आसां कर दिया।

अपना कॅरियर स्ट्रगलिंग मॉडल के रूप में शुरू करने वाले समीर ने अपने एक दोस्त के कहने पर होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया। शुरु में इन्हें होटलों में झाड़ू-पोछा और सहायक का ही काम मिला। ये युवा जैसे-जैसे कुकिंग सीखते गया तो इन्हें किचन असिस्टेंट के रूप में बंगलोर के एक इटैलियन रेस्टोरेंट में काम मिला। इन्होंने हैदराबाद, गोवा और बॉम्बे के बड़े होटलों में भी काम किया।

जुगाड़ से बनाया जिम, बदला अपना लाइफस्टाइल

असली यात्रा तब शुरू हुई, जब इन्होंने 2011 में अफ्रीका के नाइजीरिया के एक प्रसिद्ध होटल में ढाई साल काम करके कुकिंग को सेलेब्रिटी शेफ की तरह पैशन बनाया। नाइजीरिया में ये अकेले इंडियन कुक थे। वहां काम करते हुए ये खुद को फिट नहीं रख पा रहे थे। वहां जिम जाना महंगा था तो समीर ने सीमेंट और कींट से अपने लिए जिम के उपकरण बनाए। आज समीर अली की यही फिटनेस और विराट कोहली वाला लुक एक बड़ी पहचान बन गई।

समीर बंगलौर की प्रसिद्ध हैल्थ एंड लाइफस्टाइल मैगजीन स्टेफिट के कवर पेज पर पर जगह बना चुके हैं। विराट के साथ नेशनल और इंटरनेशनल प्रोजेक्ट जिओनीमोबाइल, आरसीबी, आईपीएल में काम कर चुके हैं। इनका ब्रांड फिटशेफ अली शेफ के प्रति बन चुके आम लोगों के नजरिए को बदलने का काम कर रहा है। समीर के लिए ये सिर्फ उपलब्धियां भर नहीं बल्कि कुछ करीबी लोगों के सहयोग से अपने काम के प्रति समर्पण का फल है।

-स्वाती जैन

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button