बीजिंग और आसपास हुई भारी बारिश-बाढ़ : 34 की मौत

बीजिंग, चीन की राजधानी बीजिंग और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी है। मंगलवार को चीनी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बीजिंग में 30 लोगों की मौत हुई है, जिससे क्षेत्र में तूफानों से मरने वालों की संख्या 34 हो गई है।

सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने बताया कि बीजिंग के सबसे अधिक प्रभावित मीयून जिले में 28 लोगों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य की मौत यानछिंग जिले में हुई। ये दोनों जिले राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित हैं। क्षेत्र में रातभर फिर से तेज बारिश हुई। सोमवार (28 जुलाई, 2025) को आई रिपोर्टों में कहा गया था कि पड़ोसी हेबेई प्रांत में एक भूस्खलन में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि आठ लोग अब भी लापता हैं।

मीयून में जलस्तर उच्चतम, ली क्यांग ने तेज़ राहत के दिए निर्देश

सीसीटीवी की ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार, बीजिंग में 80,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है, जिनमें से लगभग 17,000 लोग मीयून से हैं। हेबेई के ग्रामीण लुआनपिंग काउंटी में हुए भूस्खलन में चार लोग मारे गए। एक स्थानीय निवासी ने सरकारी समर्थित बीजिंग न्यूज को बताया कि संचार सेवाएं ठप हो गई हैं और वह अपने रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा रहा है।

मीयून जिले में स्थित एक जलाशय का जलस्तर 1959 में उसके निर्माण के बाद से अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था, जिसके बाद अधिकारियों ने उसका पानी छोड़ने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निचले इलाकों में बहने वाली नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, और आगे भी भारी बारिश की संभावना है, इसलिए लोग इनसे दूर रहें। मीयून, जो हेबेई के लुआनपिंग काउंटी की सीमा पर स्थित है, में भारी बाढ़ के चलते कारें बह गईं और बिजली के खंभे गिर गए।

चीन के प्रधानमंत्री ली क्यांग ने सोमवार को कहा कि मीयून में भारी बारिश और बाढ़ के चलते गंभीर जनहानि हुई है और उन्होंने बचाव कार्य तेज करने का आह्वान किया। यह जानकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने दी। बीजिंग से करीब 100 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित ताइशीतुन कस्बे में उखड़े हुए पेड़ जड़ों सहित ढेर में पड़े नजर आए।

बीजिंग में बाढ़ से हाहाकार, बचाव कार्य जारी

सड़कों पर पानी भरा था और दीवारों पर ऊपर तक कीचड़ की परत जमी थी। स्थानीय निवासी झुआंग झेलिन, जो अपने भवन निर्माण सामग्री की दुकान से कीचड़ निकाल रहे थे, ने बताया, “बाढ़ इतनी तेजी से आई, अचानक आई। कुछ ही पलों में सब भर गया।” उनके पड़ोसी और पारंपरिक चीनी चिकित्सा विशेषज्ञ वेई झेंगमिंग अपनी क्लिनिक में कीचड़ निकाल रहे थे, उनके चप्पल कीचड़ में सने हुए थे। उन्होंने कहा, “हर ओर पानी ही पानी था।

कुछ करने का मन नहीं हुआ, बस ऊपर की मंजिल पर जाकर बचाव दल का इंतजार करने लगा। मुझे लगा अगर कोई नहीं आया तो हम मुश्किल में पड़ जाएंगे।” सोमवार रात 8 बजे बीजिंग प्रशासन ने आपातकालीन प्रतिक्रिया का सर्वोच्च स्तर लागू कर दिया। इसके तहत लोगों को घरों के अंदर रहने का आदेश दिया गया, स्कूल बंद कर दिए गए, निर्माण कार्य स्थगित कर दिए गए और आउटडोर पर्यटन सहित अन्य गतिविधियां रोक दी गईं।

मंगलवार को बीजिंग में सबसे भारी बारिश की संभावना जताई गई थी, कुछ इलाकों में 30 सेंटीमीटर (12 इंच) तक वर्षा का अनुमान था। शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, तियानजिन शहर के तहत आने वाले जिझोउ जिले से भी 10,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

केंद्र सरकार ने एक बयान में कहा कि उसने हेबेई को 5 करोड़ युआन (लगभग 7 मिलियन डॉलर) की राशि भेजी है और चेंगदे, बाओडिंग और झांगजियाकोऊ जैसे प्रभावित शहरों की सहायता के लिए एक उच्च स्तरीय आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम तैनात की है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button