हिंदी है अरुणाचल की एकता की डोर : पेमा खांडू

ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा है कि उनके राज्य में हिंदी एकता की भाषा है, जहां हर जनजाति अपनी अलग बोली और भाषा बोलती है। उन्होंने बताया कि हिंदी अरुणाचल प्रदेश में शिक्षा शुरू होने के समय से ही स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल है और इसे सीखने में कोई कठिनाई नहीं है।

मुख्यमंत्री खांडू ने पीटीआई वीडियो को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “अरुणाचल प्रदेश में इतनी विविधता है कि 26 प्रमुख जनजातियां और 100 से अधिक उप-जनजातियां अपनी-अपनी भाषाएं और बोलियां बोलती हैं। अगर मैं अपनी बोली में बात करूं, तो अन्य जनजाति के लोग नहीं समझ पाएंगे। इसलिए सभी हिंदी में बात करते हैं। व्याकरण की कुछ गलतियां जरूर होती हैं, लेकिन गांव में भी सभी लोग हिंदी समझते और बोलते हैं। हम चुनाव प्रचार में और विधानसभा में भी हिंदी का उपयोग करते हैं।”

हिंदी को एकता की भाषा बताया, मातृभाषा संरक्षण पर जोर: पेमा खांडू

बीजेपी नेता खांडू ने कहा, “हिंदी निश्चित रूप से एक बाइंडिंग लैंग्वेज है। इसे सीखने में कोई परेशानी नहीं है। इसे सीखना चाहिए।” उन्होंने बताया कि अरुणाचल प्रदेश एक रणनीतिक स्थान है जहां सुरक्षा बलों के जवान विभिन्न राज्यों से आते हैं और अधिकतर हिंदी में ही बात करते हैं। “यहां बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन भी है। तो कई माध्यमों से हमने हिंदी को तेजी से सीखा,” उन्होंने कहा।

कुछ राज्यों में हिंदी का विरोध किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर किसी की अपनी मातृभाषा होती है, हर राज्य की अपनी भाषा होती है और हर जनजाति की भी अलग भाषा होती है। “इसका महत्व होना चाहिए। मैं भी अपने राज्य में मानता हूं कि जनजातियों की विभिन्न भाषाओं को संरक्षित किया जाना चाहिए,” उन्होंने कहा। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने स्वदेशी भाषाओं और संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए एक स्वदेशी मामलों का विभाग शुरू किया है।

यह भी पढ़ें: भारत के लिए संकट नहीं बनेगा ब्रह्मपुत्र का पानी

मुख्यमंत्री खांडू ने कहा कि वह राज्य से बाहर पढ़ाई के लिए जाने वाले युवाओं से कहते हैं कि जब वे घर लौटें तो अपनी भाषा में ही बात करें। “क्योंकि वही उनकी पहचान है।” उन्होंने कहा हमारे देश में बहुत सारे समुदाय, विभिन्न धार्मिक समूह, अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोग हैं। इसलिए अपनी भाषा को अपने स्थान पर संरक्षित करना बहुत महत्वपूर्ण है”।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button