हैदराबाद : मी सेवा केंद्रों पर एसीबी के छापे

Ad

हैदराबाद, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राज्य भर के जिलों में मी सेवा केंद्रों पर छापेमारी करते हुए कई अनियमितताओं और फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया।

एसीबी द्वारा बताया गया कि बुधवार को हैदराबाद, खम्मम, महबूबनगर, संगारेड्डी, निजामाबाद, वरंगल और सूर्यापेट समेत विभिन्न जिलों के 13 मी सेवा केंद्रों पर औचक छापेमारी की गई। जाँच के दौरान कई केंद्रों पर खाली हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र, जाति, आय, निवास और ओबीसी प्रमाण पत्रों के फॉर्म, नोटरी स्टाम्प और ग्रीन पेपर बरामद किए गए। इन खाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किए जा रहे थे।

एसीबी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, नॉन-क्रीमी लेयर और अन्य प्रमाण पत्रों के लिए फर्जी एफिडेविट और दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे, जिनका उपयोग केंद्र सरकार की सेवाओं में होने की आशंका है। अलवाल स्थित मी सेवा केंद्र में सामने आए मामलों के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(2) और 336(3) के तहत केस दर्ज किया। जांच में मी सेवा केंद्र के कर्मचारियों और बिचौलियों के बीच यूपीआई लेन देन और व्हाट्सएप चैटिंग से भ्रष्टाचार का भी पता लगा।

यह भी पढ़ें… प्रेमी को गिफ्ट देने के लिए चुराई दो कीमती घड़ियाँ

आवेदकों से अधिक शुल्क वसूली के आरोप साबित

अधिकांश केंद्रों पर आवेदकों से तय शुल्क से अधिक रकम वसूलने की शिकायतें भी सही पाई गईं। कुछ केंद्रों पर अधिकृत अधिकारियों की जगह अनधिकृत लोगों द्वारा दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जा रहे थे। वहीं खाली नोटरी पेपर और पहले से हस्ताक्षरित बांड पेपर भी बरामद हुए। इसके अलावा रंगारेड्डी जिले के सरूरनगर स्थित केंद्र में खाली हस्ताक्षर का नोटरी पेपर, पहले से साइन किए गए नॉन-ज्यूडिशियल बॉन्ड पेपर और बिना भरे दस्तावेज बरामद हुए।

यहाँ अलग-अलग लाइसेंस धारकों के लॉगिन आईडी का दुरुपयोग भी सामने आया। नगर के तारनाका क्षेत्र में स्थित श्री साई कम्युनिकेशन मी सेवा केंद्र पर प्रत्येक आवेदन के लिए नोटरी के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूले जाने का मामला सामने आया। संगारेड्डी जिले के श्री केतकी संगमेश्वर कम्युनिकेशन केंद्र में स्टांप पेपर बिक्री के लिए अनिवार्य रजिस्टर तक नहीं रखे जा रहे थे।

सूर्यापेट के श्री साई वैष्णवी कम्युनिकेशन्स मी सेवा केंद्र में कई मूल प्रमाण पत्र आवेदकों को दिए बिना ही रखे गए थे। साथ ही अन्य केंद्रों के प्रमाण पत्र भी वहां पाए गए। एसीबी ने बताया कि जांच में कई स्थानों पर बिचौलिए और एजेंट आम लोगों से सुविधा शुल्क के नाम पर पैसे वसूल रहे थे। एसीबी द्वारा बताया गया है कि इस छापेमारी तथा जाँच के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश सरकार को सौंपी जाएगी।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button