हैदराबाद : बेट्टिंग की लत ने कॉन्स्टेबल को बनाया हत्यारा
हैदराबाद, ऑनलाइन बेट्टिंग की लत के चलते एक पुलिस कॉन्स्टेबल लुटेरा और हत्यारा बन गया। कॉन्स्टेबल अपनी पत्नी के साथ मिलकर एक बुढ़िया के पास से साढ़े तीन तोला सोने के आभूषण लूट लिए और लिए गए कर्ज को अदा करने के लिए दबाव डालने पर व्यापारी की हत्या कर उसके शव को रंगनायक सागर में डाल दिया। व्यापारी के शरीर पर 10 तोला सोने के आभूषण निकालकर उसे बेच दिए।
रंगनायक सागर से व्यापारी बेलिदे विश्वनाथम (57) का शव गत 3 मई को बरामद किया गया। शव के बरामद होते ही सिद्दिपेट पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की और सीसी टीवी वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने सिद्दिपेट निवासी सीसीएस पुलिस कॉन्स्टेबल (2007 बैच) गोटे प्रवीण कुमार और उसकी पत्नी गोटे रजिता को गिरफ्तार कर लिया।
सिद्दिपेट एसीपी एम. रविन्दर रेड्डी ने बताया कि कॉन्स्टेबल प्रवीण और उसकी पत्नी रजिता को वर्ष 2012 से ऑनलाइन बेट्टिंग की लत पड़ गई थी। इस लत के चलते दोनों ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था और अपनी जमीन भी गिरवी रख दी थी। प्रवीण ने सिद्दिपेट निवासी पेशे से व्यापारी बेलिदे विश्वनाथम से 12 लाख रुपये का कर्ज लेकर अपनी जमीन के दस्तावेज गिरवी रख दिए थे। कुछ दिन से विश्वनाथम दिया गया कर्ज वापस लौटाने के लिए प्रवीण पर दबाव डाल रहा था और कर्ज न लौटाने पर उसकी जमीन बेचने की धमकी दे रहा था। इस कारण प्रवीण और उसकी पत्नी रजिता ने विश्वनाथम को रास्ते से हटाने की ठान ली।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : दिनदहाड़े किया पत्नी का कत्ल
गहने लूट शव को नहर में फेंककर फरार हुए
सोची-समझी साजिश के तहत गत 2 मई को प्रवीण ने विश्वनाथम को एक दूसरी जमीन दिखाकर उसके दस्तावेज देने के लिए येल्लम्मा मंदिर, सिद्दिपेट बुलाया। विश्वनाथम के आने पर दोनों ने उसे कार में बिठा लिया और उसे पेद्दाकोडुरू के तिम्मावर्ती इलाका स्थित एआर हेड-क्वार्टर के निकट सुनसान इलाके में ले गए। दोनों ने मिलकर विश्वनाथम के हाथ-पैर बाँध दिए और तार से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शरीर पर से 10 तोला सोने के आभूषण उतार लिए और विश्वनाथम के शव को ले जाकर रंगनायक सागर की नहर में फेंक दिया।
शव को ठिकाने लगाने के बाद दोनों सीधे हैदराबाद आकर 12 लाख रुपये में सोने के आभूषण बेच दिए। 12 लाख रुपये में से तीन लाख रुपये गोनेपल्ली ग्राम निवासी एक व्यक्ति को लिए गए कर्ज के रूप में लौटा दिए। 4 मई को नहर से शव के बरामद होने पर चिन्ना कोडुरू पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास और मुख्य सड़क पर लगे सीसी टीवी कैमरों की छानबीन की और वीडियो फुटेज में प्रवीण और उसकी पत्नी को कार से शव निकालकर ले जाते हुए देखा गया।
इस आधार पर पुलिस ने 5 मई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और 6 मई को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके पूर्व गत 25 अप्रैल को दोनों आरोपियों ने एक वृद्ध महिला को अस्पताल ले जाने का झाँसा देकर अपनी कार में सवार कर लिया और उसके पास से साढ़े तीन तोला सोने के आभूषण लूट लिए। जाँच-पड़ताल करने पर पता चला कि दोनों पति-पत्नी बेट्टिंग की लत के चलते लगभग एक करोड़ रुपये गँवा बैठे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



