हैदराबाद क्रिकेट असोसिएशन टीजी-20 का लोगो लांच
हैदराबाद, हैदराबाद क्रिकेट असोसिएशन (एचसीए) एवं टीजी-20 गवर्निंग काउंसिल के तत्वावधान में टीजी-20 का लोगो भव्य रूप से आयोजित कार्यक्रम में लांच किया गया।
आयोजकों के अनुसार, इस लीग में 8 पेशेवर फ्रेंचाइजी टीमें होगी, जिसमें पूरे तेलंगाना से 160 खिलाड़ी भाग लेंगे। इस टूर्नामेंट के दौरान 32 रोमांचक मैच होंगे तथा 20 दिन का टूर्नामेंट रहेगा। ये सारे मैच जून-जुलाई में योजना के हिसाब से खिलाए जाएँगे, जिसकी मेजबानी उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम करेगा। यह टूर्नामेंट राउंड रॉबिन लीग पद्धति के अनुसार खिलाया जाएगा।
शीर्ष चार टीमें प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई होंगी। इस टूर्नामेंट का उद्देश्य आईपीएल की तर्ज पर खिलाड़ियों को प्लेटफार्म देना है। पिछले कुछ वर्षों से हैदराबाद के खिलाड़ियों को आईपीएल में मान्यता नहीं मिल रही है। इसी को देखते हुए यह टीजी-20 कार्यक्रम अमल में लाया जा रहा है। लीग के जरिए प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उनकी प्रतिभा को निखारते हुए क्रिकेट के क्षेत्र में तेलंगाना को सशक्त बनाना और क्रिकेट के सतत विकास के साथ प्रशंसकों को विश्व स्तरीय अनुभव साझा करना है। इसके साथ ही क्रिकेट के क्षेत्र में निवेश और प्रायोजन व पेशेवर प्रतिभा को घरेलू क्रिकेट से जोड़ना है।
यह भी पढ़ें… राष्ट्रमंडल युवा एवं जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में भारत के नाम चार स्वर्ण पदक
लोगो लांच कार्यक्रम में हैदराबाद के लेजेंड्री क्रिकेटर शिवलाल यादव, अम्बाटी रायुडू, फिल्म अभिनेता वेंकटेश, एचसीए एकल सदस्य समिति के अध्यक्ष जस्टिस नवीन राव, नवनियुक्त डीजीपी सी.वी. आनंद, खेल विभाग के प्रधान सचिव जयेश रंजन, बीसीसीआई के अपेक्स काउंसिल के सदस्य बी. चामुंडेश्वर नाथ, टीजी-20 गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन आगम राव, एचसीए अपेक्स काउंसलर सुनील अग्रवाल, पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी, एचसीए अपेक्स काउंसिल के पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे। (सी. सुधाकर)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



