हैदराबाद : 27 एवं 28 को बाधित रहेगी पेयजल आपूर्ति
हैदराबाद, हैदराबाद महानगर पेयजल आपूर्ति एवं मल निकास बोर्ड ने सूचित किया कि महानगर को पेयजल की आपूर्ति करने वाली कृष्णा प्रथम चरण आपूर्ति लाइन में आवश्यक मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं। इसके चलते फेज़ 1 से जुड़े इलाकों में 27 की दिसंबर को सुबह से 28 दिसंबर की शाम तक पेयजलापूर्ति बाधित रहेगी।
बोर्ड के अनुसार कृष्णा फेज-1 के सर्ज टैंक के पास स्थित 700 मिमी व्यास की एमएस पाइपलाइन में हुई लीकेज को रोकने, नासरलपल्ली से गोडकोंडला तक स्थित 2200 मिमी व्यास की एमएस पंपिंग मेन लाइन में क्षतिग्रस्त एमएस एयर टी और वाल्वों के प्रतिस्थापन, नासरलपल्ली में 2200 मिमी व्यास की एमएस पंपिंग मेन लाइन पर 600 मिमी व्यास के एमएस जंक्शन का निर्माण कार्य, कोदंडापुर और नासरलपल्ली पंपिंग स्टेशनों में स्थित 600 मिमी व्यास की क्षतिग्रस्त बीएफ वाल्व तथा एनआरवी का प्रतिस्थापन सहित अन्य मरम्मत कार्य 27 एवं 28 दिसंबर को किये जाएँगे। इन कार्यों के चलते लगभग 36 घंटे तक पेयजलापूर्ति बाधित रहेगी।
यह भी पढ़ें… सतर्कता ही साइबर अपराध के खिलाफ मजबूत बचाव : सज्जनार
विशेष रूप से ओएंडएम डिवीजन 1 में मीरआलम, किशनबाग, बालशेट्टी खेत, मुगलपुरा, फलकनुमा, बहादुरपुरा, जहानुमाँ, डिवीजन 2 में महबूब मेंशन, संतोष नगर, विनय नगर, सैदाबाद, चंचलगुड़ा, आसमानगढ़, याकूतपुरा, डिवीजन चार में बोगुलकुंटा, डिवीजन 5 में नारायणगुड़ा, एडिकमेट, शिवम, चिलकलगुड़ा, डिवीजन 8 में अलियाबाद, रियासत नगर, डिवीजन 10 में दिलसुखनगर के कुछ क्षेत्र, डिवीजन 18 में हार्डवेयर पार्क, जलपल्ली, तुक्कुगुड़ा, फैब सिटी एवं डिवीजन 20 में मन्नेगुड़ा शामिल हैं। उपभोक्ताओं से अपील की गयी कि उक्त अवधि के दौरान जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित रहेगी, पानी का संयमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग करें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



