हैदराबाद : चेन स्नैचर को पकड़ने वाले पूर्व सैनिक का सम्मान
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने आज शातिर चेन स्नैचर को पकड़ने वाले पूर्व सैनिक चिर्ला रामुडू का सम्मान किया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि गत 14 अप्रैल को अंबरपेट थाना परिधि के अंतर्गत ईरानी होटल बस स्टॉप के पास रामुडू बस से उतर रहा था। इस दौरान चेन स्नैचर उसके गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास कर रहा था। रामुडू ने सतर्कता बरतते हुए तुरन्त चेन स्नैचर का हाथ पकड़ लिया और उस पर हावी होने का प्रयास कर रहे चेन स्नैचर को रामुडू ने नहीं छोड़ा। तुरन्त डायल 100 पर इस घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही अंबरपेट थाने के गश्ती दल के जवान तुरन्त घटनास्थल पर पहुँच गए और चेन स्नैचर को हिरासत में ले लिया।
चेन स्नैचर की पहचान मल्लापल्ली निवासी पेशे से ऑटो चालक अब्दुल मन्नान के रूप में की गई है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न पुलिस थानों में 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं और हबीबनगर पुलिस थाने में उसकी सस्पेक्ट शीट भी खोली गई है। मंगलहाट पुलिस थाना परिधि में एक आपराधिक मामले में उसकी तलाश भी की जा रही थी। मन्नान के खिलाफ मामले दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और उसके दो फरार साथियों कोटेश व मल्लेश की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें… रेल परियोजनाओं को लेकर राज्य सरकार से सहयोग की अपील
पुलिस आयुक्त ने पूर्व सैनिक के अलावा चेन स्नैचर को हिरासत में लेने वाले अंबरपेट के सब-इंस्पेक्टर सुरेश, कॉन्स्टेबल दिनेश रेड्डी, भरत कुमार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र सौंपा। अवसर पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि सैनिक हमेशा और हर परिस्थिति में सैनिक ही रहता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





