हैदराबाद : बहला फुसलाकर 100 तोला सोने के आभूषण लूटने वाला गिरफ्तार
हैदराबाद, मल्काजगिरी की चैतन्यपुरी पुलिस ने मालिक की पुत्री को बहला फुसलाकर उसके पास से 100 तोला सोने के आभूषण लूटने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। चैतन्यपुरी पुलिस ने बताया कि गत 17 अप्रैल को टाइल्स व्यापारी, ग्रीन हिल्स कॉलोनी, कोत्तापेट निवासी दीपक पटेल ने थाने आकर उसके घर से 100 तोला सोने के आभूषण चुरा लिए जाने की शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की और इस दौरान पुलिस को दीपक की पुत्री रिया के व्यवहार पर संदेह हुआ।
रिया से पूछताछ करने पर पता चला कि उसके पिता के टाइल्स शोरूम में प्रबंधक के रूप में कार्यरत सागर नामक युवक ने रिया को यह कहकर बहलाया फुसलाया कि उसे ब्रेन ट्यूमर है। ब्रेन ट्यूमर का उपचार न करने पर उसकी जान जा सकती है और उपचार करवाने के लिए उसके पास पैसे नहीं है। इस प्रकार सागर ने रिया को अपने विश्वास में लेकर धीरे-धीरे विभिन्न किश्तों में 100 तोला सोने के आभूषण हासिल कर लिए।
यह भी पढ़ें… डीसीपी ने ऑनलाइन मंगवाया मटन कीमा निकला सड़ा, रेस्टोरेंट पर छापा
रिया के बयान के आधार पर पुलिस ने सागर को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से रिया द्वारा उसे दिए गए कुछ सोने के आभूषण बरामद किए। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि इस मामले में सागर के साथ और कौन लोग शामिल थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






