हैद्रा ने जगतगिरिगुट्टा कुंड को अतिक्रमण मुक्त कर हटाई गाद
हैदराबाद, जगतगिरिगुट्टा स्थित कोनेरू (कुंड) को अतिक्रमण से बचाने के उद्देश्य से हैद्रा ने विशेष अभियान चलाते हुए मंदिर के कुंड से गाद पूरी तरह हटा दी है और कुछ लोगों द्वारा किये गये अतिक्रमण भी हटाये।


हैद्रा सूत्रों के अनुसार, गोविंदराजुला स्वामी मंदिर के पुजारी नरहरी ने हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ से कुंड पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। आयुक्त ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और कोनेरू के संरक्षण के लिए कदम उठाने का आश्वासन दिया था। हैद्रा अधिकारियों ने कोनेरू क्षेत्र में हुए अतिक्रमणों को हटाया। साथ ही वहाँ जमा गाद को भी साफ किया गया। लगभग 26 ट्रक मलबा और कचरा हटाकर कोनेरू को नया स्वरूप दिया गया।
करीब एक एकड़ क्षेत्र में फैले इस कुंड को मिट्टी भरकर पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसे अब रोक दिया गया है। इस कार्रवाई से पूरे कोनेरू पर कब्जा करने की कोशिशों पर रोक लग गई। हैद्रा ने इसके पुनरुद्धार का कार्य भी शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें… पेयजल के गैर-कानूनी उपयोग पर मोटरें जब्त
गोविंदराजुला स्वामी मंदिर के पुजारी नरहरी ने एक बयान में कहा कि वह पिछले 22 वर्षों से कोनेरू के लिए संघर्ष कर रहे थे। अब हैद्रा की कार्रवाई से यह संघर्ष सफल हुआ। उन्होंने कहा कि श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर, हनुमान मंदिर, जगतगिरिगुट्टा गोविंदराजुला स्वामी मंदिर, पोचम्मा मंदिर, श्री वासवी कनकपरमेश्वरी मंदिर, श्री नल्ला पोचम्मा मंदिर, शिवालय, परशुराम मंदिर, अयप्पा स्वामी मंदिर जैसे कई देवालयों से युक्त जगतगिरिगुट्टा नगर वासियों के लिए अत्यंत परिचित स्थान है। ऐसे ऐतिहासिक मंदिरों की भूमि और कोनेरू की रक्षा होना एक शुभ संकेत है। उन्होंने बताया कि बारिश के समय पहाड़ी से आने वाला पानी इस कुंड में जमा होता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






