युवा उठाएँ सरकारी योजनाओं का लाभ : हरिचंदना दासरी
हैदराबाद, हैदराबाद जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी ने कहा कि युवाओं को सरकार द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न कल्याणकारी और विकास योजनाओं का पूर्ण रूप से लाभ उठाना चाहिए।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अल्पसंख्यक वित्त निगम के तत्वावधान में खिलवत स्थित उर्दू मस्कन सभागार में प्रजा पालना प्रगति प्रणालिका के 99 दिवसीय कार्यक्रम के तहत विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। अवसर पर हैदराबाद जिला कलेक्टर सहित निगम के अध्यक्ष उबैदुल्ला कोतवाल, चारमीनार के विधायक मीर जुल्फिकार अली एवं अन्य उपस्थित थे। अवसर पर हरिचंदना दासरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की अनेक योजनाएं उपलब्ध हैं। सभी पात्र युवाओं को पूरी तरह से कौशल विकास प्राप्त कर इन योजनाओं से लाभान्वित होना चाहिए।
हरिचंदना दासरी ने आगे कहा कि उचित कौशल विकास मिलने पर ही युवा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में युवाओं के लिए तेलंगाना उद्योग, पीएमईजीआई, एमएसएमई तथा सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं पर कई प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किए गए हैं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि आगामी 28 मई को बड़े स्तर पर लोन मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी संबंधित बैंकों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस अवसर का लाभ युवाओं को उठाना चाहिए।
हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
उबैदुल्ला कोतवाल ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय का शैक्षिक और आर्थिक उत्थान भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार के विशेष प्रयासों के कारण इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणामों में अल्पसंख्यक छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। मीर जुल्फिकार अली ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ उठाने के साथ-साथ अपना कौशल विकास करते हुए हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाएं।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : तबादलों पर से प्रतिबंध हटाया सरकार ने
अवसर पर आवासीय जूनियर शिक्षण संस्थानों में इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत करते हुए भविष्य में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर जितेंद्र रेड्डी सहित अल्पसंख्यक कल्याण विभाग तथा उद्योग विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






