आतंकवाद को पराजित करने के लिए भारत दृढ़ संकल्पित: राष्ट्रपति
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को पहलगाम आतंकवादी हमले की बरसी पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि देश हर जगह आतंकवाद को उसके सभी रूपों में हराने के अपने दृढ़ संकल्प पर कायम है।
मुर्मू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘उस जघन्य कृत्य में निर्दोष लोगों की दुखद मौत हमारी सामूहिक स्मृति में अंकित है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। पूरा देश उनके साथ खड़ा है। आतंक के ऐसे कृत्य शांति और एकता के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को नहीं रोक सकते।’’
मुर्मू ने कहा, ‘‘हम हर जगह आतंकवाद को उसके सभी स्वरूपों में पराजित करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।’’ पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष इसी दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकांश पर्यटक थे।
भारत आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा”: पहलगाम हमले की बरसी पर प्रधानमंत्री मोदी का बयान
पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को जोर देकर कहा कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकवादियों के जघन्य मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह लश्कर-ए-तैबा ने पिछले साल इसी दिन जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 निर्दोष लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर भारत भर से आए पर्यटक थे।
“पिछले साल इसी दिन पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकेगा,” मोदी ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस क्षति से उबरने में मदद कर रहे शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं।
“एक राष्ट्र के रूप में हम शोक और दृढ़ संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के घिनौने मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।” पहलगाम आतंकी हमले के बाद, भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर नामक एक जवाबी सैन्य अभियान चलाया, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सैन्य और आतंकी ढांचे को नष्ट कर दिया।
भारत आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की अपनी नीति जारी रखेगा : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले वर्ष हुए पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को बुधवार को याद किया और कहा कि भारत आतंकवाद तथा उसे पनाह देने वालों को कतई बर्दाश्त न करने की अपनी नीति जारी रखेगा।
गृह मंत्री ने ‘एक्स’ पर साझा किए एक संदेश में कहा, ‘‘अपने लोगों को खोने का दुख और पीड़ा आज भी हर भारतीय के दिल में कायम है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है, जिसके खिलाफ हमें एकजुट होकर लड़ना और उसे हराना होगा। भारत आतंकवाद और उसे शरण देने वालों को कतई बर्दाश्त न करने की अपनी नीति जारी रखेगा।’’
पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष आज ही के दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गयी थी। इनमें से अधिकतर देशभर से आए पर्यटक थे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से जवाबी सैन्य कार्रवाई की थी, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी तथा सैन्य ढांचे को नष्ट कर दिया था। (भाषा)
यह भी पढ़े– घुसपैठ अस्मिता और राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






