नकली चाँदी बेचकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
हैदराबाद, सिकंदराबाद जोन की महांकाली पुलिस ने नकली चाँदी बेचकर व्यापारियों के साथ ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आज यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिकंदराबाद जोन पुलिस उपायुक्त रक्षिता कृष्णमूर्ति ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने आगरा (उत्तर-प्रदेश) निवासी आरएमपी डॉक्टर हृदेश कुमार (59), सेवानिवृत्त कर्मी सुशील कुमार वर्मा (62), ऑटो चालक प्रिंस उर्फ लड्डू सोनी (23), इटावा, उत्तर-प्रदेश निवासी राजीव जैन (54) और त्रिलोकपुर कॉलोनी, अशोकनगर, मध्य-प्रदेश निवासी सोनू कुशवा (3) को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से 8.4 किलो चाँदी, 1.5 लाख रुपये की नकदी और सेलफोन जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता आवलामंदा, सिकंदराबाद निवासी हीरालाल वर्मा महांकाली स्ट्रीट सिकंदराबाद में श्री जगदम्बा इंडस्ट्रीस के नाम से सिल्वर रिफाइनरी संचालित करता है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि गत 25 मार्च को शाम 4.30 बजे उसकी दुकान पर नियमित रूप से आने वाले ग्राहक राजेश एक व्यक्ति को लेकर आया और उसे बताया कि उसके साथ आया व्यक्ति चाँदी की ईंटे बेचना चाहता है।
नकली चाँदी ईंटों से 15 लाख की ठगी, गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार
उसने 3,425 ग्राम (61 प्रतिशत प्यूरिटी), 3,420 ग्राम (63.75 प्रतिशत) और 3,316 ग्राम (62.75 प्रतिशत) की तीन ईंटों के बदले चाँदी के बिस्कुट देने के लिए कहा। उसने चाँदी के ईंटों के संबंध में दुर्गा बुलियन रिफाइनरी द्वारा जारी टेस्टिंग रिपोर्ट भी पेश की। शिकायतकर्ता ने राजेश पर भरोसा करते हुए 25 चाँदी के बिस्कुट (6,350 ग्राम 60 प्रतिशत प्यूरिटी) राजेश के साथ आए व्यक्ति को सौंप दिए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने इन तीनों चाँदों के ईंटों का परीक्षण कराया, जो नकली निकले।
इस प्रकार नकली चाँदी के ईंटें बेचकर शिकायतकर्ता को 15 लाख रुपये का चूना लगाया। महांकाली पुलिस इंस्पेक्टर एस. रवि कुमार ने एसीपी सी.एच. श्रीधर के नेतृत्व में मामला दर्ज कर छानबीन करने के बाद पाँचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पाँचों आरोपी अपना गिरोह बनाकर नकली चाँदी बेचकर व्यापारियों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
यह भी पढ़े : उप्र मुठभेड़: प्रयागराज अस्पताल से फरार दुष्कर्म के आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली
आरोपियों ने इसी प्रकार मार्केट पुलिस थाना परिधि में नकली चाँदी बेचकर 6 किलो असली चाँदी व्यापारी के पास से प्राप्त कर ली थी। इस मामले में भी 15 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया। आरोपियों के खिलाफ मध्य-प्रदेश के अशोक नगर पुलिस थाने में भी आपराधिक मामले दर्ज है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें ट्रांजिट वारंट पर हैदराबाद लाकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





