धूमधाम से शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय पतंग और मिठाई उत्सव
हैदराबाद, सिकंदराबाद परेड ग्राउंड में अंतरराष्ट्रीय पतंग और मिठाई उत्सव बड़े धूमधाम से शुरू हुआ। पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव ने परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर के साथ मिल कर पतंग व मिठाई उत्सव का उद्घाटन किया। अवसर पर जूपल्ली कृष्णा राव ने कहा कि पतंग उत्सव का सदियों पुराना इतिहास है और सरकार हमारी संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण के लिए इस तरह के उत्सव आयोजित कर रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों और देशों से रंगारंग पतंगें आ रही हैं और उत्सव के हिस्से के रूप में आसमान को रोशन कर रही हैं।























उन्होंने अपने बचपन में पतंग उड़ाने की यादों को ताजा करते हुए आगे कहा कि हैदराबाद में बड़े पैमाने पर पतंगों के निर्माण को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पर्यटन क्षेत्र के विकास से राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी और लोगों को रोजगार मिलेगा जो हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने व्यस्त जीवन के दौरान महीने में कम से कम दो दिन पर्यटन स्थलों पर जाना चाहिए।
इससे मानसिक उल्लास के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और व्यापारियों को आर्थिक रूप से मदद भी मिलेगी। उन्होंने जनता से तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पतंग और मिठाई उत्सव में भाग लेने और इसे सफल बनाने का आग्रह किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य की जनता को संक्रांति की बधाई दी। तत्पश्चात उन्होंने वहां स्थापित विभिन्न राज्यों के मिठाई के स्टालों का दौरा करते हुए स्वाद का आनंद लिया। कार्यक्रम में पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष पटेल रमेश रेड्डी, पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक कांति, भाषा एवं संस्कृति निदेशक नरसिम्हा रेड्डी आदि उपस्थित थे।
19 देशों और 15 राज्यों के 95 पतंग उड़ाने वाले शामिल
इस अंतरराष्ट्रीय पतंग उत्सव में 19 देशों के 40 अंतरराष्ट्रीय पतंग उड़ाने वालों के साथ-साथ हमारे देश के 15 राज्यों के 55 राष्ट्रीय पतंग उड़ाने वालों ने भाग लिया। विभिन्न आकारों में बनी पतंगें उड़ाई गयीं, जो सामान्य पतंगों की तुलना में बहुत भारी है। रात में उड़ने वाली पतंगें उत्सव का मुख्य आकर्षण रहीं। पतंग उत्सव के साथ-साथ कल्चरल लैंग्वेज इंडियन कनेक्शन के सहयोग से मिठाई महोत्सव का भी आयोजन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें… संक्रांति : हैदराबाद में पतंग उड़ाने के लिए बेहतरीन स्थल
तेलंगाना के पारंपरिक व्यंजन और पंजाब, गुजरात, पश्चिम बंगाल, केरल और महाराष्ट्र के साथ-साथ अन्य राज्यों की महिलाओं द्वारा अपने घर में बनी मिठाइयों को 60 स्टालों में प्रदर्शित करने के साथ-साथ बेचा जा रहा है। हथकरघा और हस्तशिल्प के 100 स्टॉल भी स्थापित किए गए हैं। इस मौके पर भाषा और संस्कृति विभाग द्वारा हर दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा परेड मैदान में 16 से 18 जनवरी तक हॉट एयर बैलून उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 16 और 17 जनवरी को गच्चीबावली स्टेडियम में ड्रोन उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



