आईपीएल : शीर्ष पर पहुँचा सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब को 33 रन से हराया

हैदराबाद सनराइजर्स हैदराबाद अपने घरेलू मैदान उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का पूरा फायदा उठाते हुए ज़बरदस्त बल्लेबाज़ी कर पंजाब को पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान से हटा कर 14 अंकों के साथ स्वयं पहुँच गया। सनराइजर्स हैदराबाद ने 33 रन से मैच जीत लिया। हैदराबाद के बल्लेबाज़ ईशान (55) और क्लासेन (69) ने आक्रामक बल्लेबाज़ी कर अपनी टीम को 235 रन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पंजाब किंग्स को कैच टपकाने का खामियाजा भुगतना पड़ा ।

सपाट विकेट पर सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस ने चार ओवर में 34 रन देकर दो विकेट लिये, जबकि एशान मलिंगा ने चार ओवर में 34 रन देकर एक विकेट चटकाया। दोनों ने 21 डॉट गेंदें फेंकी और पंजाब किंग्स बीस ओवर में सात विकेट पर 202 रन ही बना सके। कूपर कोनोली ने 59 गेंदों में नाबाद 107 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पंजाब किंग्स की हैदराबाद में यह लगातार नौवीं हार थी।

पंजाब की खराब फील्डिंग से बढ़ा हार का अंतर

सनराइजर्स की इस सातवीं जीत के साथ 14 अंक हो गए हैं और वह दस टीमों में शीर्ष पर है। बाकी तीन मैचों में से एक जीत के साथ ही उसके 16 अंक हो जाएँगे, जो प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने के लिए काफी है। पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही और चार रन के स्कोर पर उसके दो बल्लेबाज पवेलियन में थे। प्रियांश आर्य को कमिंस ने रवाना किया, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने नीतीश रेड्डी की गेंद पर कमिंस को कैच थमाया।

कप्तान श्रेयस अय्यर भी पाँच रन बनाकर आउट हो गए। मैच का नतीजा तो पॉवरप्ले में ही तय हो गया। सनराइजर्स के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने पॉवरप्ले में एक विकेट पर 79 रन बनाए थे, जबकि पंजाब तीन विकेट पर 57 रन ही बना सका। लगातार तीसरी हार के लिए पंजाब का लचर क्षेत्ररक्षण कसूरवार रहा। ईशान और क्लासेन के कैच तीन बार छूटे, जबकि प्रभसिमरन ने स्टम्पिंग का मौका भी गँवाया।

अभिषेक-हेड की तूफानी अर्धशतकीय साझेदारी

अभिषेक (13 गेंदों में 35 रन) और हेड (19 गेंदों में 38 रन) ने अर्शदीप सिंह और मार्के यानसेन की गेंदों की धुनाई करते हुए अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके बाद क्लासेन (43 गेंदों में 69 रन) और ईशान (32 गेंदों में 55 रन ) ने जीवनदान का फायदा उाते हुए अर्धशतक लगाए। नीतीश रेड्डी ने 13 गेंदों में नाबाद 29 रन का योगदान दिया। पिच से गेंदबाजों को बिल्कुल मदद नहीं मिली जिसे देखते हुए चहल का प्रदर्शन काबिले तारीफ कहा जाएगा। उन्होंने चार ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया। उन्हें तीन विकेट मिले होते, लेकिन शशांक सिंह ने एक आसान कैच छोड़ा और प्रभसिमरन सिंह ने स्टम्पिंग का आसान मौका गँवाया।

सनराइजर्स के बल्लेबाजों ने 17 छक्के जड़े। अभिषेक ने इनमें से चार, हेड ने तीन , ईशान और क्लासेन ने चार-चार छक्के लगाए। पंजाब के लिए अर्शदीप ने चार ओवर में 43 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि यानसेन ने 61 रन दे डाले और कोई सफलता नहीं मिली। ईशान ने विजयकुमार विशाख को लगातार तीन छक्के लगाकर अपने चिर परिचित फॉर्म की झलक दिखाई। अभिषेक ने यानसेन को लाँग ऑफ और लाँग ऑन पर छक्के लगाए। उन्होंने लॉकी फर्ग्युसन को पूल शॉट खेलकर टीम के 50 रन पूरे किए। अभिषेक पाँचवाँ छक्का जड़ने के प्रयास में मिड ऑफ पर श्रेयस अय्यर को कैच दे बै। उनके जाने के बाद हेड ने मिडविकेट पर दो सपाट छक्के लगाए। हालाँकि वह लगातार तीसरा अर्धशतक जमाने से चूक गए।

यह भी पढ़ें… हर मुकाबला नॉकआउट, टीम प्रदर्शन जरूरी : बदानी

स्कोर बोर्ड

सनराइजर्स हैदराबाद पारी : अभिषेक शर्मा का. अय्यर बो. फर्ग्युसन 35, ट्रेविस हेड का. यानसेन बो. चहल 38, ईशान किशन का. शेडगे बो. अर्शदीप 55, हेनरिच क्लासेन का. यानसेन बो. विशाख 69, नीतीश कुमार रेड्डी नाबाद 29, अतिरिक्त : 09, कुल : 20 ओवर में चार विकेट पर 235 रन। विकेट पतन : 1-54, 2-84, 3-172, 4-235, गेंदबाजी : अर्शदीप 4-0-43-1, यानसेन 4-0-61-0, फर्ग्युसन 4-0-41-1, चहल 4-0-32-1, विशाख 4-0-54-1.

पंजाब किंग्स पारी : प्रियांश आर्य का. मलिंगा बो. कमिंस 01, प्रभसिमरन सिंह का. कमिंस बो. रेड्डी 03, कूपर कोनोली नाबाद 107, श्रेयस अय्यर का. कमिंस बो. मलिंगा 05, मार्कस स्टोइनिस का. ईशान बो. शिवांग 28, सूर्यांश शेडगे का. अभिषेक बो. कमिंस 25, शशांक सिंह का. रेड्डी बो. हुसैन 04, मार्के यानसेन का. दुबे बो. शिवांग 19, विजय कुमार विशाख नाबाद 01, अतिरिक्त : 09, कुल : 20 ओवर में सात विकेट पर 202 रन। विकेट पतन : 1-4, 2-4, 3-23, 4-63, 5-110, 6-119, 7-187, गेंदबाजी : कमिंस 4-0-34-2, नीतीश 2-0-11-1, मलिंगा 4-0-36-1, हुसैन 4-0-40-1, शिवांग 4-0-45-2, दुबे 2-0-36-0. (सी सुधाकर)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button