पीएम का स्वागत भी करेंगे और प्रश्न भी उठाएँगे : पोन्नम प्रभाकर

हैदराबाद, हैदराबाद जिले के प्रभारी एवं परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि हैदराबाद के प्रभारी मंत्री के रूप में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तेलंगाना दौरे पर उनका स्वागत करेंगे, क्योंकि यह लोकतांत्रिक और राजनीतिक व्यवस्था का हिस्सा है। हालाँकि उन्होंने कांग्रेस नेता और राज्य मंत्री के तौर पर केंद्र सरकार से प्रश्न भी किया कि पिछले 12 वर्षों में तेलंगाना के लिए केंद्र ने क्या किया है, इस बारे में प्रधानमंत्री को बताना चाहिए।

पोन्नम प्रभाकर ने बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से लेकर कई मंत्री लगातार केंद्र सरकार से मिलकर राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन दे रहे हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार तेलंगाना के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि आंध्र-प्रदेश को केंद्र द्वारा सहायता देने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन तेलंगाना को भी उसका उचित हिस्सा मिलना चाहिए।

मंत्री ने आरोप लगाया कि तेलंगाना से दो केंद्रीय मंत्री और आठ सांसद होने के बावजूद राज्य को विकास कार्यों में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा। भाजपा नेताओं द्वारा तेलंगाना आंदोलन और शहीदों का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने उन बयानों पर आपत्ति जताई, जिनमें तेलंगाना गठन की तुलना पाकिस्तान विभाजन से की गई। पोनम प्रभाकर ने कहा कि संसद में पारित विधेयक और संविधान के अनुच्छेद-3 के तहत तेलंगाना राज्य का गठन हुआ।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद मेट्रो के लिए केंद्रीय मंत्री खट्टर से मिले मुख्यमंत्री रेवंत

तेलंगाना की तुलना पर शहीदों के अपमान का आरोप

ऐसे में तेलंगाना की तुलना पाकिस्तान विभाजन से करना राज्य और उसके शहीदों का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों को लोकसभा रिकॉर्ड से हटाने की माँग की गई है। उन्होंने भाजपा और बीआरएस पर कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं और आत्महत्याओं को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है। इस तरह की राजनीति लोकतंत्र के लिए अच्छी नहीं है।

मंत्री ने केटीआर की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें राहुल गांधी से बिना शर्त माफी माँगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी तेलंगाना को विकास के मामले में अग्रणी राज्य बनाने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन विपक्ष व्यक्तिगत हमलों में लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और बीआरएस मिलकर एक ही सुर में बोल रहे हैं और जनता के सामने सच्चाई न आए, इसकी कोशिश कर रहे हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button