जीवन को स्वर्ग का आयाम देना मनुष्य के हाथ में : जयश्रीजी

हैदराबाद, जीवन परम मूल्यवान है, जीवन की उदारता और महानता ही जन्म और मृत्यु को मूल्य प्रदान करती है। निर्भय व चिंता मुक्त मनुष्य ही आत्म विश्वास पूर्वक जीवन के आनंद को प्राप्त करता है। जीवन को स्वर्ग का आयाम देना मनुष्य के हाथ में ही है। उक्त उद्गार श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ ग्रेटर हैदराबाद के तत्वावधान में काचीगुड़ा स्थित श्री पूनमचंद गांधी जैन स्थानक में चातुर्मासिक धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रमण संघीय साध्वी जयश्रीजी म.सा आदि ठाणा-3 ने व्यक्त किये।

संघ के मंत्री धर्मेंद्र नाहर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साध्वी जयश्रीजी ने आगे कहा कि मनुष्य जीवन की प्रगति के लिए प्रकृति सारे द्वार एक साथ बंद नहीं करती है, अगर बंद कर देती है तो तीसरा द्वार खोल भी देती है। सुखी और समृद्ध जीवन जीने के लिए आत्मविश्वास की आवश्यकता है। जीवन में एक छोटा सा कार्य भी इतिहास लिखने का आधार बन जाता है। साध्वीश्री ने कहा कि स्वर्ग कहीं आसमान में नहीं, नरक पाताल में नहीं, बल्कि मानव का अंतरमन ही स्वर्ग का सुमन खिलाता है और नरक का दावानल भी है।

यह भी पढ़ें… जीवन के वास्तविक ध्येय को प्राप्त करें : जयश्रीजी म.सा.

जीवन शैली और धर्म सभा में बच्चों के लिए चंद्रकला तप

जीवन को स्वर्ग का आयाम देना मनुष्य के हाथ में ही है। यह उस पर निर्भर करता है कि वह अपने जीवन को स्वर्ग बनाएगा या नरक। साध्वी राजश्रीजी ने कहा कि जीने की शैली सौम्य और मधुर होने के अलावा भव्य और कृत पुण्य होनी चाहिए। जीवन की हर गतिविधि चिंतन से लेकर व्यवहार तक, साधना से लेकर संबंध तक, जन्म से लेकर मृत्यु तक सब कुछ मधुर हो, सत्य शिव और सुंदर हो। साध्वी समीक्षाश्री ने गीतिका के माध्यम से जीवन शैली से जुड़े भावों को रखा। संघ के कोषाध्यक्ष धर्मीचंद भंडारी ने धर्म सभा का संचालन करते हुए संघ व चातुर्मास की गतिविधियों का ब्यौरा दिया।

धर्म सभा में चित्तौड़गढ़ से उपस्थित सुजान मल भड़क्त्या, चंदा भड़क्त्या और निजामाबाद से पधारे नंदू गांधी का संघ की ओर से बहुमान किया गया। आज के नवकार महामंत्र जाप के लाभार्थी परिवार सुशील कुमार, आशीष कुमार श्रीश्रीमाल परिवार काचीगुड़ा हैं। आगामी 19 सितंबर से 2 से 18 वर्ष के बच्चों के लिए चंद्रकला तप का आयोजन किया जाएगा।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button