झारखंड में पानी-बिजली संकट पर भाजपा का सप्ताहभर प्रदर्शन

रांची, भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई ने बुधवार को राज्य में पानी और बिजली संकट का आरोप लगाते हुए एक सप्ताह के प्रदर्शन की शुरुआत की।
पार्टी के एक अधिकारी ने बताया कि आंदोलन गढ़वा, पलामू और लातेहार जिलों में शुरू हुआ और 12 मई को रांची, लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला और खूंटी में प्रदर्शनों के बाद समाप्त होगा। झारखंड विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने लातेहार में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जबकि वरिष्ठ पार्टी नेता अमर बाउरी ने पलामू में प्रदर्शन की अगुवाई की। पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने गढ़वा में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिट्टी के बर्तन लेकर जुलूस निकाले और तीनों जिलों के मुख्यालयों में प्रदर्शन किए।
जायसवाल ने कहा, ‘बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी मुहैया कराने में नाकाम रहना इस सरकार की सबसे बड़ी विफलता है। यह तो बस शुरुआत है। अगर हालात नहीं सुधरे तो प्रदर्शन और तेज किया जाएगा।’ पलामू में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाउरी ने कहा, ‘नल-जल योजना पूरी तरह विफल हो गई है। बिजली आपूर्ति 10 से 12 घंटे तक बाधित रहती है। भाजपा के शासनकाल में राज्य को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा था।’ (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



