राशन दुकानों के माध्यम से रियायती दरों पर होगा ज्वार और मक्के का वितरण

हैदराबाद, राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि मक्के और ज्वार की फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य देने के साथ सरकार किसानों से खरीदे गए अनाज को खुले बाजार में बेचने के बजाय राशन दुकानों के माध्यम से गरीबों को बाजार मूल्य से कम कीमत पर उपलब्ध कराएगी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अब तक सरकार द्वारा खरीदे गए अनाज की खुले बाजार में नीलामी की जाती थी, जिससे बिचौलियों को लाभ मिलता था। इस व्यवस्था को रोकने के लिए सरकार इन अनाजों को सीधे नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से गरीबों तक पहुँचाने की योजना बना रही है, ताकि जरूरतमंद लोगों को सस्ती दरों पर खाद्यान्न मिल सके। सरकार ने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी उपज पर किसी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

इसी उद्देश्य से मक्के और ज्वार की किसानों से सीधी खरीद की जाएगी। हाल ही में आयोजित कैबिनेट उपसमिति की बैठक में किसान कल्याण को केंद्र में रखते हुए यह अहम निर्णय लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन पौष्टिक अनाजों को आम जनता तक बाजार मूल्य से कम दरों पर पहुँचाया जाए।

अनाज पैकिंग से सीधे जनता को सस्ता वितरण

सरकार बिचौलिये किसानों के शोषण को रोकने के लिए अनाज की पैकिंग कर सीधे जनता को सब्सिडी दरों पर उपलब्ध कराने की योजना बना रही है। उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि अनाज केवल बाजार की वस्तु बनकर न रहे, बल्कि गरीबों की भूख मिटाने वाला पौष्टिक आहार बनना चाहिए। इस फैसले से केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि कल्याण छात्रावासों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें… जन कल्याण ही सरकार का लक्ष्य : भट्टी विक्रमार्का

सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एससी, एसटी, बीसी और अल्पसंख्यक गुरुकुल विद्यालयों एवं छात्रावासों में मक्के और ज्वार की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन मिल सके। कठिनाइयों का सामना कर रहे पोल्ट्री क्षेत्र को राहत देने के लिए सरकार पोल्ट्री किसानों को भी बाजार मूल्य से कम दरों पर इन अनाजों की आपूर्ति करने पर विचार कर रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button