सेवानिवृति पर जस्टिस तिरुमला को दी गई विदाई
हैदराबाद, तेलंगाना उच्च न्यायालय में सेवानिवृत्त हो रही न्यायाधीश जस्टिस ई. तिरुमला देवी को विदाई दी गई। विदाई समारोह उच्च न्यायालय के प्रथम न्यायालय कक्ष में उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, अधिवक्ता, अदालत के कर्मचारी, सेवानिवृत्त हो रही न्यायाधीश के परिजन उपस्थित थे। हालाँकि उनकी सेवानिवृत्ति दो जून को होने वाली है, लेकिन उस समय ग्रीष्मकालीन अवकाश को ध्यान में रखते हुए आज विदाई समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह, महाधिवक्ता ए. सुदर्शन रेड्डी ने तिरुमला देवी की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने न्यायिक प्रणाली के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुशासन और उनके निर्णयों में परीलक्षित कानूनी स्पष्टता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में अल्पकाल के बावजूद उन्होंने बड़ी संख्या में मामलों का प्रभावी ढंग से निपटारा कर अपनी विशेष छाप छोड़ी है।
विभिन्न न्यायालयों में अहम पदों पर कार्य
न्यायाधीश तिरुमला देवी ने वर्ष 2013 के दौरान ज़िला न्यायाधीश के रूप में अपनी नियुक्ति के साथ अपने विधिक कॅरियर की शुरुआत की। बाद में उन्होंने विभिन्न ज़िला न्यायालयों में विभिन्न पदों पर कार्य किया। उन्होंने न्यायिक अकादमी के निदेशक, सतर्कता रजिस्ट्रार और उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया और प्रशासनिक मामलों में भी अपनी दक्षता प्रदर्शित की। पिछले वर्ष 25 जनवरी को उन्हें उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत किया गया था।
यह भी पढ़ें… एमएलसी नियुक्ति को लेकर याचिका दायर
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए न्यायाधीश तिरुमला देवी ने अपने साथी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, न्यायालय के कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों के प्रति आभार जताया, जिन्होंने उनकी कानूनी सेवा यात्रा में उनका साथ दिया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने में बहुत मदद मिली है। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त सॉलीसीटर जनरल नरसिम्हा शर्मा, डिप्टी सॉलीसीटर जनरल भुजंग राव, लोक अभियोजक पल्ले नागेश्वर राव, उच्च न्यायालय बार असोसिएशन के अध्यक्ष ए. सुरेन्दर रेड्डी व अन्य लोगों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



