तेजस्वी सूर्या के बयान पर केटीआर ने की माफी माँगने की माँग

हैदराबाद, संयुक्त आंध्र-प्रदेश से तेलंगाना के विभाजन को लेकर लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद तेजस्वी सूर्या के बयान पर भड़के भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के.टी. रामाराव ने माँग करते हुए कहा कि तेलंगाना गठन की प्रक्रिया को देश के विभाजन से तुलना करने वाले सांसद तेजस्वी सूर्या व भाजपा बिना शर्त क्षमा माँगे।
ज्ञातव्य है कि तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि ब्रिटिशों द्वारा भारत-पाकिस्तान के विभाजन से भी घटिया पद्धति से कांग्रेस ने आंध्र-प्रदेश व तेलंगाना का विभाजन किया है। इस बयान की केटीआर ने कडी निंदा करते हुए कहा कि लोकसभा में भाजपा के सांसद विवादास्पद बयान सुनकर कैसे मौन बैठे रहे। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के आत्मसम्मान को दिल्ली के कदमों में गिरवी रखने जैसा भाजपा सांसदों का रवैये को राज्य की जनता देख रही है।
केटीआर ने आरोप लगाया कि तेलंगाना का विरोध भाजपा की नस-नस में दौड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा में फिर से तेलंगाना पर जहर उगला है, क्योंकि तेलंगाना के गठन की भारत-पाकिस्तान के विभाजन से तुलना करना मूर्खता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सांसद तेजस्वी सूर्या ने लोकसभा में बार-बार तेलंगाना का अपमान किया है।
यह भी पढ़ें… दक्षिण के राज्यों के साथ न खेले केंद्र : केटीआर
केटीआर ने कहा कि तेलंगाना किसी की दया से प्राप्त नहीं किया गया है, भारी आंदोलन व कई बलिदानों से हासिल हुआ है। ऐसे में प्रजातांत्रिक तरीके से गठित तेलंगाना की देश के विभाजन जैसी दुःखद घटना से तुलना किया जाना निंदनीय है। राज्य की जनता की भावनाओं को ठेस पहुँचाने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



