कुबेर का वाहन है मनुष्य
जब भी हम हिंदू देवी-देवताओं की बात करते हैं, तो उनके साथ जुड़े वाहनों की छवि तुरंत मन में उभर आती है, कहीं सिंह, तो कहीं गरुड़, तो कहीं चूहा। इसी कड़ी में मनुष्य को कुबेर का वाहन बताया जाता है। कुबेर को धन, वैभव और समृद्धि का स्वामी माना जाता है। उन्हें यक्षों का राजा और देवताओं का खजांची भी कहा जाता है।
आमतौर पर जहां अन्य देवताओं के वाहन उनके शक्ति या स्वभाव का प्रतीक होते हैं, वहीं कुबेर का वाहन मनुष्य होना एक अलग ही संकेत देता है। यह संकेत सीधे-सीधे हमारे जीवन से जुड़ा है। वास्तव में धन का उपयोग न तो देवता और न ही कोई अन्य प्राणी करता है।
एक मनुष्य ही है, जो धन कमाता, संभालता और खर्च करता है। यही वजह है कि कुबेर का वाहन मनुष्य को माना गया है। कुबेर का वाहन मनुष्य होना हमें जिम्मेदारी का एहसास कराता है। यह एक तरह से संदेश है कि धन का उपयोग सोच-समझकर करना चाहिए। धन का दुरुपयोग करने से वही हमारे लिए समस्या बन सकता है।
पौराणिक कथा
भगवान शिव ने कुबेर को धन का अधिपति बनाया। इसी के साथ देवताओं को उनके वाहन दिए, जैसे- इंद्र को ऐरावत, विष्णु को गरुड़ और कार्तिकेय को मोर आदि। जब कुबेर के वाहन की बात आई, तो देवताओं के बीच चर्चा होने लगी। किसी ने कहा कि हाथी या घोड़ा उचित होगा, क्योंकि वे ऐश्वर्य के प्रतीक हैं। ब्रह्माजी ने कहा कि धन का असली स्वामी और उपयोगकर्ता मनुष्य ही है। इसलिए कुबेर का वाहन मनुष्य होना चाहिए।
धार्मिक ग्रंथों में धन को धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के संतुलन से जोड़ा गया है। इसका मतलब है कि धन का उपयोग केवल अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि समाज और धर्म के हित में भी होना चाहिए। आज की भाषा में कहें तो अगर पैसा सही जगह लगाया जाए, तो वह विकास का कारण बनता है और गलत दिशा में लगाया जाए तो समस्याएं खड़ी कर देता है।
यह भी पढ़े : क्षण भंगुर है मानव का जीवन
आज के दौर में जहां कमाई और खर्च दोनों तेजी से बढ़ रहे हैं, यह विचार और भी अहम हो जाता है। कई बार हम बिना सोचे-समझे पैसे खर्च कर देते हैं या केवल दिखावे के लिए निर्णय लेते हैं। कुबेर के वाहन की यह अवधारणा हमें याद दिलाती है कि धन केवल साधन है, लक्ष्य नहीं। असली महत्व इस बात का है कि हम उसे कैसे इस्तेमाल करते हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






