एलएंडटी का एनडीएसए की रिपोर्ट खारिज करना कांग्रेस-भाजपा को तमाचा : केटीआर
हैदराबाद, भारास के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव ने कहा कि कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना की गुणवत्ता को लेकर नेशनल डैम सेफ्टी अथॉरिटी (एनडीएसए) की रिपोर्ट को परियोजना की निर्माण संस्था एलएंडटी ने सिरे से खारिज कर दिया है। यह मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कांग्रेस व केंद्र की भाजपा सरकार के गाल पर तमाचा है।
बीआरएस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, युनाइटेड किंगडम (यूके) के दौरे पर गए केटीआर ने यूके तेलुगु बिजनेस काउंसिल प्रतिनिधियों व उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि दरअसल कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना की चीप क्वालिटी नहीं है, बल्कि कांग्रेस व भाजपा द्वारा की जा रही राजनीति चीप है। उन्होंने कहा कि बीआरएस को बदनाम करने व कीचड़ उछालने के उद्देश्य से गत विधानसभा चुनाव के समय एनडीएसए ने जल्दबाजी में बिना कोई जाँच किए अवैज्ञानिक रिपोर्ट जारी की थी।
यह भी पढ़ें… कालेश्वरम मामले में केसीआर को नोटिस , हरीश-ईटेला भी तलब
कालेश्वरम विवाद और किसानों की चुनौतियाँ: बीआरएस का बयान
के. तारक रामाराव ने कहा कि बिना जाँच तथा कोई वैज्ञानिक डेटा जुटाए बिना दी गई एनडीएसए रिपोर्ट को प्रमुख निर्माण संस्था एलएंडटी ने खारिज कर दिया। इससे कांग्रेस और बीजेपी के षड्यंत्र का पर्दाफाश हो चुका है। उन्होंने कहा कि पूर्व केसीआर सरकार ने कालेश्वरम निर्माण में गुणवत्ता के साथ कहीं भी कोई समझौता नहीं किया, लेकिन मेडीगड्डा के पिल्लर्स धंसने का बहाना बनाकर कांग्रेस सरकार पिछले 18 माह से कालेश्वरम से दूरी बनाए हुए है।
उसे कोल्ड स्टोरेज में डाल दिया गया, जो शोचनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के रवैये के कारण तेलंगाना की लाखों एकड़ फसलें सिंचाई जल के अभाव में सूख गईं। अब तक राज्य में करीब 500 किसानों ने आत्महत्या की। उन्होंने कहा कि बीआरएस ने पहले ही एनडीएसए की रिपोर्ट को भाजपा नीत एनडीए की रिपोर्ट बताया था, वह गलत नहीं था। केटीआर ने पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर के शासन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके शासन में एप्पल, गूगल , माइक्रोसॉफ्ट, अडोब जैसे कार्पोरेट दिग्गजों के लिए तेलंगाना एक नया डेस्टिनेशन बना। उन्होंने कहा कि बीआरएस सत्ता में हो या न हो, तेलंगाना की प्रगती के लिए प्रयास करती रहेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



