हैदराबाद में गूंजा ‘मेरा देश पहले’, मनोज मुन्तशिर का शो हिट
हैदराबाद, प्रसिद्ध गीतकार, लेखक और कथाकार मनोज मुन्तशिर शुक्ला ने अपनी बहुचर्चित लाइव म्यूज़िकल सागा ‘मेरा देश पहले – द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ नरेंद्र मोदी’ का मंचन किया। आज हाइटेक्स सिटी, कोंडापुर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में दर्शकों ने तालियों और देश भक्ति के नारों के साथ मनोज मुन्तशिर का स्वागत किया।

बताया गया कि नीलम मुन्तशिर द्वारा निर्मित और दीपक गत्तानी द्वारा निर्देशित इस प्रोडक्शन में कविता, संगीत और लाइव परफॉर्मेंस का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष और असाधारण जीवन यात्रा को जीवंत कर दिया। भावनाओं से भरे संगीत और प्रभावशाली वाचन ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने देश की संस्कृति, संघर्ष और प्रगति की कहानी को एक साथ महसूस किया। कभी कविता तो कभी भव्य संगीत की प्रस्तुति ने देशभक्ति का ऐसा ज्वार पैदा किया, जिसने दर्शकों के दिलों को गहराई तक छू लिया।

प्रस्तुति के बाद मनोज मुन्तशिर शुक्ला ने कहा कि हैदराबाद ने मेरा देश पहले को केवल तालियां ही नहीं दीं, बल्कि सच्चा प्यार भी दिया। आज इस शहर में राष्ट्र की धड़कन को महसूस किया गया। हर जयकार और हर स्टैंडिंग ओवेशन ने यह साबित किया कि भारत की कहानी हर भारतीय की अपनी कहानी है।
हैदराबाद में मिली इस अद्भुत प्रतिक्रिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ‘मेरा देश पहले’ सिर्फ एक संगीत नाटक नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय सांस्कृतिक आंदोलन बन चुका है, जो भाषा और भूगोल की सीमाओं से परे जाकर पूरे भारत को जोड़ रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



