टीजीजेनको को मिला आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन

हैदराबाद, तेलंगाना राज्य विद्युत उत्पादन संस्था टीजीजेनको को अपनी गुणवत्ता, क्षमता और निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता के लिए अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई है। संस्था ने प्रतिष्ठित आईएओ 9001:2015 (क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम) प्रमाण-पत्र हासिल किया। यह प्रमाण-पत्र उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का से आज संस्था के सीएमडी हरीश ने प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि एक स्वतंत्र आईएसओ प्रमाणन संस्था द्वारा किए गए व्यापक ऑडिट के बाद यह सम्मान मिला। इस जाँच के दौरान ऑडिट टीम ने टीजीजेनको के सभी विभागों और परिचालन इकाइयों का गहन निरीक्षण किया। विशेष रूप से आईएसओ दस्तावेजों का अनुपालन, विभागवार प्रदर्शन, परिचालन की प्रभावशीलता, संस्थागत लक्ष्यों की प्राप्ति और गुणवत्ता प्रबंधन प्रणालियों के कार्यान्वयन का विस्तार से मूल्यांकन किया गया। प्रत्येक विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सर्वोत्तम प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किए जाने के बाद इस सर्टिफिकेशन को मंजूरी दी गई।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना सिविल सप्लाई विभाग : 126% बढ़ाई गई पेट्रोलियम आपूर्ति
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि टीजीजेनको की उच्च गुणवत्ता वाली सेवाओं और मजबूत प्रबंधन प्रणालियों के लिए यह मान्यता एक प्रमाण है। अधिकारियों ने हर्ष जताते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन संस्था की कार्यकुशलता को और बढ़ाने के साथ जनता को बेहतर सेवाएँ प्रदान करने की जिम्मेदारी को भी बढ़ाएगा। कार्यक्रम में उर्जा विशेष मुख्य सचिव नीवन मित्तल, एसपीडीसीएल के सीएमडी जितेश वी. पाटिल व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



