मप्र : ट्रांसजेंडर गुट को प्रताड़ित करने वाला इनामी आरोपी गिरफ्तार
इंदौर (मध्यप्रदेश), इंदौर में ट्रांसजेंडर के एक गुट के सदस्यों को प्रताड़ित करके उन्हें सामूहिक रूप से फिनाइल पीने के लिए मजबूर करने के मामले में 10,000 रुपये के एक इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी दी।
अधिकारी ने सोमवार को बताया कि शहर में ट्रांसजेंडर के गुटीय विवाद ने 15 अक्तूबर की रात भयानक मोड़ ले लिया था जब इनमें से एक धड़े के 24 सदस्यों ने नंदलालपुरा डेरे के भीतर कथित तौर पर आत्महत्या के इरादे से फिनाइल पी लिया था, हालांकि उन्हें वक्त पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण उनकी जान बच गई थी। नंदलालपुरा डेरे के सदस्यों का आरोप है कि ट्रांसजेंडर के विरोधी गुट की प्रमुख सपना हाजी और उनके साथियों की प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की थी।
सपना हाजी समेत चार आरोपियों पर मामला दर्ज, दो अब भी फरार
इस डेरे का ट्रांसजेंडर सपना हाजी के गुट से धन के लेन-देन और वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। पंढरीनाथ पुलिस थाने के प्रभारी अजय राजौरिया ने बताया कि सपना हाजी के फरार साथी राजा हाशमी (39) को नरसिंहपुर जिले में घेराबंदी करके पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि मूलत जबलपुर के रहने वाले हाशमी के बारे में पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने बहनोई शानू के घर में छिपा है। थाना प्रभारी ने बताया कि हाशमी पर इंदौर और जबलपुर में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़े: मध्य प्रदेश : दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
राजौरिया ने बताया कि फिनाइल कांड में सपना हाजी के अलावा उनके साथी राजा हाशमी और खुद को पत्रकार बताने वाले दो लोगों-पंकज जैन और अक्षय कुमायूं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि सपना हाजी को 16 अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया था, जबकि जैन और कुमायूं की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर भी 10,000-10,000 रुपये का इनाम घोषित है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





