खम्मम में साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक खातों का खुलासा, 18 आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद, राज्य के खम्मम जिले में साइबर अपराध से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 547 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड से जुड़े म्यूल बैंक खातों के संचालन के आरोप में 18 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 6 अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है।
खम्मम पुलिस आयुक्त सुनील दत्त ने बताया कि आरोपी वर्ष 2022 से 2025 के बीच एक बड़े और सुनियोजित साइबर ठगी नेटवर्क के तहत काम कर रहे थे। यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से लोगों को ठगने के लिए बैंक खातों का दुरुपयोग कर रहा था। उन्होंने कहा कि आरोपी नौकरी, व्यापारिक अवसर और आर्थिक लाभ का झांसा देकर कई लोगों को अपने नाम से बैंक खाते खुलवाने के लिए प्रेरित करते थे। इसके बाद इन खातों की इंटरनेट बैंकिंग आईडी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारियां अपने कब्जे में ले लेते थे, जिससे खातों पर उनका पूरा नियंत्रण हो जाता था।
इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को प्राप्त करने, परत-दर-परत ट्रांसफर करने (लेयरिंग), इधर-उधर भेजने और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया जाता था। जांच में पाया गया कि इन खातों से धनराशि विदेशों में भेजी गई, कुछ रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदला गया। आरोपियों और उनके सहयोगियों से जुड़े बैंक खातों के विश्लेषण में कुल 547 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।
यह भी पढ़ें… गांजे के खिलाफ ऐक्शन जारी
पुलिस ने बताया कि ये म्यूल अकाउंट साइबर ठगों को कमीशन के आधार पर उपलब्ध कराए जाते थे, जिससे ठगी की रकम को आसानी से इधर-उधर किया जा सके। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।


