पहले ही थ्रो में कमाल, नीरज चोपड़ा फाइनल में दाखिल
तोक्यो, गत चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने बुधवार को पहले ही थ्रो में स्वत: क्वालीफिकेशन का 84 . 50 मीटर का आंकड़ा पार करके विश्व चैम्पियनशिप पुरूष भालाफेंक स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया । दो बार के ओलंपिक पदक विजेता 27 वर्ष के नीरज ने क्वालीफिकेशन दौर में ग्रुप ए में पहला ही थ्रो 84 . 85 मीटर का फेंका ।
चोपड़ा सबसे पहले थ्रो फेंकने के लिये उतरे थे और फाइनल में जगह बनाने के साथ ही रवाना भी हो गए । स्वत: क्वालीफिकेशन का 84 .50 मीटर का आंकड़ा छूने वाले या सर्वश्रेष्ठ 12 खिलाड़ी बृहस्पतिवार को होने वाले फाइनल में जगह बनायेंगे ।
यह भी पढ़े : नीरज चोपड़ा अहम मौके पर अपना सर्वश्रेष् प्रदर्शन करेंगे : आदिल सुमरिवाला
जर्मनी के जूलियर वेबर ने भी 87 . 21 मीटर के थ्रो के साथ क्वालीफाई कर लिया । ग्रुप ए में शामिल 19 खिलाड़ियों में केशोर्न वालकॉट, याकूब वालेश और भारत के सचिन यादव भी हैं । ग्रुप बी में पाकिस्तान के ओलंपिक चैम्पियन अरशद नदीम, एंडरसन पीटर्स, जूलियस येगो, रोहित यादव ,यशवीर सिंह भी हैं । बुडापेस्ट में पिछली विश्व चैम्पियनशिप में नीरज ने 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण जीता था जबकि नदीम दूसरे और वालेश तीसरे स्थान पर रहे थे । (भाषा )
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





