संकल्प शक्ति ही पहुँचाती है लक्ष्य तक : राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला

हैदराबाद, प्रदर्शनी मैदान में नारायण सेवा संस्थान (एनएसएस) द्वारा आयोजित निःशुल्क नारायण मॉड्यूलर कृत्रिम अंग और कैलिपर्स फिटमेंट कैंप में मुख्य अतिथि के रूप उपस्थित राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि जीवन में कोई भी कार्य यदि संकल्प से किया जाता है, तो वह निश्चित रूप से बड़ा बनता है और उसका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचता है। इसका जीता जागता उदाहरण नारायण सेवा संस्थान है।

राज्यपाल ने कहा कि निःशुल्क कृत्रिम अंग कैलिपर्स शिविर का कार्य नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक कैलाश मानव ने घर घर जाकर एक मुट्ठी आटे से शुरू किया था। यह कार्यक्रम संकल्प के आधार पर किया गया, जो इतना विस्तारित हुआ। यह शिविर नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और मानवता के उच्चतम आदर्शों का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े संस्थानों का आरंभ छोटे-छोटे संकल्प से होता है।

संकल्प शक्ति से दिव्यांगों को नई राह

राज्यपाल ने कहा कि संकल्प की महत्ता बहुत है। यह संकल्प शक्ति ही है, जिसके पैर, हाथ नहीं वह नारायण सेवा संस्थान के माध्यम से साहस, धैर्य और जीवन में अटूट विश्वास के साथ कृत्रिम अंगों से तेजी के साथ चल रहे हैं। इस कार्य में समर्पित परिजन हैं, जो दिव्यांगों के साथ हर परिस्थिति में खड़े होकर संबल देते रहे। राज्यपाल ने कहा कि नारायण सेवा संस्थान इन लोगों को संबल बना कर निःशुल्क देने का कार्य कर रहा है।

समाज के अन्य वर्ग के लोग भी आर्थिक सहयोग प्रदान कर संस्थान के कार्यों में योगदान दे रहे हैं। दिव्यांगों को चलते देखकर प्रसन्नता हुई। उनके चेहरे की खुशी साफ झलक रही है। राज्यपाल ने कहा कि संरक्षक सत्यभूषण से काफी परिचित हैं। वह राजनीति में न रहते हुए भी सेवा कार्य से सम्मानित होते रहे हैं। संस्थान की दूरदर्शीता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जो सेवा का बीज बोया था, वह वट वृक्ष बनकर सेवा के फल प्रदान कर रहा है।

कैलाश मानव को भारत सरकार ने पुरस्कृत किया है, क्योंकि वह देश के अनेक शहरों में मानवता का कार्य कर रहे हैं। इस कार्य में विशेष तौर पर उन चिकित्सकों की सराहना है, जिन्होंने अपना समय पैसा कमाने में नहीं, बल्कि ऐसे दिव्यांगों की सेवा में लगाया है। डॉक्टर का जीवन मानवता के लिए है। वह मानवता के लिए जीते हैं। समाज में दिव्यांगों को चलने, खाने, देखने लायक बनाते हैं।

सेवा से असंख्य परिवारों को मिला नया जीवन

किसी ईश्वरीय शक्ति ने उन्हें सेवा के लिए चुना है, जिससे असंख्य परिवार लाभान्वित हुए। इसके लिए उन सभी को बधाई, जो आत्मविश्वास के साथ कदम बढ़ाकर चलना सीख गये हैं। सेवा का यह प्रवाह निरंतर बहता रहे। जीवन में यदि एक भी व्यक्ति के जीवन को सक्षम बना सकें, तो जीवन सार्थक हो जाएगा। विशिष्ट अतिथि आंध्र प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री टी.जी. भरत ने संस्थान के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हर्ष की बात है कि संस्थान दिव्यांगों की सेवा में तत्पर है।

दुर्घटना में परिवार के किसी सदस्य के हाथ पैर कट जाना सबसे बड़ी परेशानी का कारण बनता है, लेकिन संस्थान कृत्रिम अंग के साथ दिव्यांगों को मुख्यधारा से जोड़ने और जीवन को सार्थक बनाने का प्रयास कर रहा है। एक छोटा सा प्रयास आज देश ही नहीं, बल्कि विश्व के कई देशों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने में सफल हुआ। यह कोई साधारण कार्य नहीं है। इसमें सभी ड़ॉक्टर, स्वयंसेवी तकनीकी विकास के साथ कृत्रिम अंग बनाकर सहयोग दे रहे हैं।

इसी प्रकार के कैंप विशाखापट्टणम में लगाया गया, जिसका काफी लोगों को लाभ हुआ। आने वाले समय में कर्नूल में शिविर लगाया जाएगा। इसके लिए आभार व्यक्त करते हैं। आशा है भविष्य में इसी प्रकार सेवा कार्य करते रहेंगे। नारायण सेवा संस्थान के संरक्षक सत्यभूषण जैन ने कहा कि वह संस्थान से गत 40 सालों से जुड़े हैं। इस सेवा कार्य से देश-विदेश में पहचान बनाई है। संस्थापक कैलाश मानव की सेवा को सरकार ने सराहा है।

प्रशांत अग्रवाल के नेतृत्व में सेवा का विस्तार

वर्तमान में संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल सेवा को विस्तारित कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। सेवा से असंख्य दिव्यांगों के जीवन को सफल बनाया गया। कार्यक्रम में सभी का स्वागत हैदराबाद आश्रम प्रमुख महेंद्र सिंह रावत ने किया। उन्होंने कहा कि संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल को वर्ष 2023 में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अब तक एनएसएस ने 39,591 से अधिक निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रदान किए और 4,52,000 से अधिक दिव्यांगजनों को निःशुल्क चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया।

हैदराबाद में आयोजित शिविर में गत दो माह पूर्व सभी दिव्यांगों के पैरों एवं हाथों का नाप लिया गया था। आज 745 दिव्यांग व्यक्तियों को कुल 815 नारायण मॉड्यूलर कृत्रिम अंग और कैलिपर्स निःशुल्क प्रदान किए गये। उन्होंने कहा कि शिविर में सीएसआर पार्टनर मेक ए चेंज फाउंडेशन (यूके), गोल्डन जुबली और श्री स्वामीनारायण मंदिर विल्सडेन (यूके) हैं, जिनका विशेष आभार व्यक्त करते हैं।

यह सेवा का महायज्ञ है, जिसमें सभी अपनी आहुतियाँ डालकर अधिक से अधिक दिव्यांगों को सकलांग बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान समय-समय पर नाप लेकर दिव्यांगों को कृत्रिम अंग प्रदान करता है, ताकि उम्र के हिसाब से वह उनके शरीर के लिए उपयोगी बने रहें। यह सेवा कार्य उदार मन से दान देकर सहयोग करने वालों के कारण ही सफलतापूर्वक जारी है। आशा है भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में संस्थान का अपना भवन है, जहाँ कृत्रिम अंग वितरित करने के साथ अन्य सेवा कार्य भी किये जा रहे हैं।

कृत्रिम अंग वितरण के साथ विशेष प्रशिक्षण

नारायण सेवा संस्थान की संरक्षक अल्का चौधरी ने सभी सहयोगियों का आभार प्रकट किया। शिविर में कृत्रिम अंग के वितरण के साथ दिव्यांग व्यक्तियों को चलने-फिरने, संतुलन बनाए रखने और दैनिक जीवन में इन सहायक उपकरणों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के संबंध में विशेष प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वह अधिक आत्मविश्वास और स्वतंत्रता के साथ जीवन जी सकें। विशेषज्ञ डॉक्टर और कुशल तकनीकी टीम ने उन्नत नारायण मॉड्यूलर अंगों को लगाने (फिट करने) का कार्य किया है, जिसमें 50 से अधिक स्वयंसेवी शामिल रहे। संस्थान सभी का आभार प्रकट करता है।

यह भी पढ़ें… आरटीसी का सरकार में तुरंत हो विलय : रामचंदर राव

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला एवं मंत्री टी.जी. भरत ने शिविर में उपस्थित दिव्यांगों के साथ बातचीत कर उनके अनुभवों को जाना। इस दौरान शिविर में सहयोग प्रदान करने वाले दानदाताओं का सम्मान किया गया। अवसर पर एमएलसी बी. दयानंद, काउंसलेट जनरल आफ टर्की होरान, पूर्व पार्षद डॉ. सुरेखा, अशोक बरमेचा, वर्धमान बैंक के चेयरमैन महेंद्र गोलेच्छा, सीईओ विनय वर्मा, महेश बैंक के वाइस चेयरमैन गोविंद नारायण राठी, माहेश्वरी समाज के आर.पी. दायमा, साबू मोटर्स के एम.डी. विनय साबू, सुमन मलिक, प्रदीप ओसावल, अनिल वर्मा, राधिका वर्मा, कमल जाजू, महावीर पाटनी, अशोक मुथा, अभय चौधरी, महेंद्र कुमार अग्रवाल, राकेश सिंघानिया, सूर्य प्रकाश भूतड़ा, मल्लिकार्जुन, कैंप प्रभारी हरि प्रसाद लड्डा व अन्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button