फूड प्रोसेसिंग का सिंगल प्वाइंट बनेगा पतंजलि मेगा फूड एंड हर्बल पार्क

हैदराबाद, पतंजलि द्वारा मिहान, नागपुर में स्थापित पतंजलि मेगा फूड एंड हर्बल पार्क में संतरा प्रोसेसिंग का एशिया का सबसे बड़ा प्लांट होगा। पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण ने आज नागपुर के मिहान में प्रेसवार्ता में उक्त जानकारी देते हुए कहा कि नागपुर की यह धरा अध्यात्म व क्रांति की धरा है।

यह धरा देश व संविधान को मूर्त्त रूप प्रदान करने वाली है। अब इस धरा से पतंजलि की नवकृषि क्रांति द्वारा देश के किसानों की समफद्धि के द्वार खोले जाएँगे। उन्होंने बताया कि यह प्लांट फूड प्रोसेसिंग का सिंगल प्वाइंट व एशिया की सबसे बड़ी यूनिट है। इसे स्थापित करने पर हमें गर्व की अनुभूति है। हालाँकि इस प्लांट को प्रारंभ करने में बहुत विघ्न-बाधाएँ रहीं। बीच में कोरोना काल भी रहा। अंतत: वह दिन आ गया, जिसकी प्रतिक्षा क्षेत्र के किसान वर्षों से कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्लांट का विधिवत उद्घाटन भारत सरकार के सड़क परिवहन, राज्य मार्ग व जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस रविवार, 9 मार्च को करेंगे।

किसानों की स्थिति में सुधार की उम्मीद

उन्होंने कहा कि विदर्भ का नाम आते ही यहाँ के किसानों की आत्महत्याएँ, प्रताड़ित व दु:खी किसानों का चित्र स्वत: ही चित्रित हो जाता है। हमें पूर्ण विश्वास है कि जल्द ही इस चित्र को बदलने का कार्य मिहान के इस संतरा प्रोसेसिंग प्लांट से होगा। इसमें हमें सबका साथ व सहयोग चाहिए। इस पूरे क्षेत्र, किसानों व कृषि व्यवस्था की भयावह सूरत हम बदलकर रहेंगे, यह हमारा संकल्प है।

आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि उक्त प्लांट की प्रतिदिन 800 टन प्रोसेसिंग क्षमता है। इसमें हम ए ग्रेड के साथ बी व सी ग्रेड के संतरे, प्री-मेच्योर उत्पादन, आंधी से टूटकर गिरने वाले संतरे को भी प्रोसेस करेंगे। हमारा प्लांट जीरो वेस्टेज सिस्टम पर काम करता है। हमारा कार्य संतरे के छिलके से प्रारंभ होता है, जिसमें हम संतरे के छिलके से वॉलिटाइल तथा फ्रेगरेंस ऑयल निकालते हैं।

यह भी पढ़ें… योग क्रांति के बाद अब पंच क्रांतियों का शंखनाद : स्वामी रामदेव

स्थानीय रोजगार व उन्नत तकनीक से सशक्त होगा खाद्य प्रसंस्करण

इसके लिए हमने विदेशी तकनीक और पूरे सिस्टम पर रिसर्च की, क्योंकि इतना बड़ा प्लांट केवल जूस के भरोसे पर नहीं चलाया जा सकता। हमने इसके बॉय प्रोडक्ट्स पर भी फोकस किया। इस प्लांट को धरातल पर आपके सामने लाने में काफी समय व पुरुषार्थ लगा। उन्होंने कहा कि आज इस क्षेत्र के प्रत्येक गाँव का लगभग प्रत्येक किसान हमारे संपर्क में है।साथ ही कुछ प्रतिभाशाली व्यक्ति भी हमारी दृष्टि में हैं। हमारी प्राथमिकता स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान करने तथा स्थानीय किसानों को समफद्धशाली बनाने की है। प्रधानमंत्री का स्वप्न है कि स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाकर देश में मैनपॉवर स्किल तैयार की जाए, इसमें पतंजलि अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि उक्त प्लांट में आधुनिक मापदण्डों के आधार पर पूरा एडवांस सिस्टम है, जिसमें पैकेजिंग लाइन, टैक्नोपैक से लेकर एडवांस रिसर्च लैब्स शामिल हैं। हमारे उत्पादों की गुणवत्ता टॉप क्लास है। हमारे लिए पूरा विश्व बाजार खुला है, लेकिन हमारी प्राथमिकता देश के लोगों को एक्सपोर्ट क्वालिटी के बेहतरीन उत्पाद उपलब्ध कराना है। रॉ-मटेरियल की उपलब्धता के आधार पर यहाँ संतरा, लाइम, आंवला, अनार, अमरूद, अंगूर, लौकी, गाजर का जूस, आम व संतरे का पल्प तथा ऑनियन, टमाटो का पेस्ट बनाया जाएगा।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button