पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर बस हादसा पर जताया शोक
नयी दिल्ली, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में कई लोगों की जान चली गई और दर्जनों यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गया। इसी घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। सोमवार की सुबह उधमपुर जिले के राम नगर क्षेत्र के कागोर्त गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर चालक के नियंत्रण नहीं रख पाने के कारण यात्री बस पहाड़ी से नीचे लुढ़क गई, जिससे कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हो गए।
यह भी पढ़े : प्रधानमंत्री मोदी ने बसव जयंती पर जगद्गुरु बसवेश्वर को श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना में हुई लोगों की मौत के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।” उन्होंने कहा, “मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।” (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






