ईडी का बड़ा एक्शन : कांग्रेस विधायक के बेटों पर छापा मारा
बेंगलुरु, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने क्रिप्टो करेंसी से जुड़े धन शोधन के एक मामले में कर्नाटक के विधायक एवं कांग्रेस नेता एन ए हारिस के दो बेटों और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर सोमवार को छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत शहर में करीब 12 परिसरों पर छापे मारे जा रहे हैं।
इनमें विधायक के बेटों मोहम्मद हारिस नलापद और उमर फारूक नलापद तथा श्रीकृष्ण रमेश उर्फ श्रीकी नामक कथित क्रिप्टो हैकर के परिसर शामिल हैं। कांग्रेस नेता एन ए हारिस बेंगलुरु की शांतिनगर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
यह भी पढ़े : लोगों को डिजिटल अरेस्ट के चंगुल से बचाएगा सीबीआई का चैटबॉट अभय
धन शोधन का यह मामला कर्नाटक पुलिस की उन कुछ प्राथमिकियों और आरोपपत्रों से जुड़ा है जो कथित हैकर श्रीकी एवं उसके सहयोगियों द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वेबसाइट हैक करने और बिटकॉइन चुराने के मामले में 2017 में दायर किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, मोहम्मद हारिस नलापद और उमर फारूक नलापद पर क्रिप्टो से जुड़े अपराध से अर्जित धन के लाभार्थी होने का आरोप है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






