हुगली तट पहुंचे पीएम मोदी, ‘बंगाल की आत्मा में गंगा’
कोलकाता। बंगाल के चुनावी रण के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक अलग और आध्यात्मिक रूप शुक्रवार सुबह कोलकाता की हुगली नदी के तट पर देखने को मिला।
गुरुवार को नदिया और दक्षिण 24 परगना में विशाल जनसभाओं को संबोधित करने, बेलूर मठ में आध्यात्मिक शांति प्राप्त करने और हावड़ा की सड़कों पर जनसैलाब के बीच रोड शो करने के बाद प्रधानमंत्री ने रात्रि विश्राम कोलकाता स्थित राजभवन (अब लोकभवन) में किया।
शुक्रवार की अलसुबह वे हुगली के तट पर पहुंचे, जहां उन्होंने न केवल गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की, बल्कि हाथ में कैमरा थामे प्रकृति और जनजीवन के सुंदर दृश्यों को भी कैद किया।

आध्यात्मिक जुड़ाव और बंगाल की संस्कृति का सम्मान
प्रधानमंत्री ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर अपनी नौका विहार की तस्वीरें साझा करते हुए बंगाल की संस्कृति और गंगा के साथ उसके अटूट रिश्ते को रेखांकित किया। उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए लिखा कि हर बंगाली के लिए गंगा का स्थान अत्यंत विशेष है और यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है।
प्रधानमंत्री के अनुसार, मां गंगा का पावन जल एक पूरी सभ्यता की कालातीत भावना को अपने भीतर संजोए हुए है। नौका पर सवार होकर शांत चित्त मुद्रा में हाथ में कैमरा लिए प्रधानमंत्री की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
-1777003748729.jpg)
श्रमशक्ति की सराहना और विकास का दृढ़ संकल्प
हुगली के तट पर बिताए समय के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वहां मौजूद स्थानीय नाविकों और सुबह की सैर पर निकले लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने नाविकों के कठिन परिश्रम की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनके कर्मठ स्वभाव को प्रेरणादायक बताया। यह यात्रा केवल आध्यात्मिक नहीं थी, बल्कि इसमें राजनीतिक और सामाजिक प्रतिबद्धता का भी पुट दिखा।
प्रधानमंत्री ने हुगली की लहरों के बीच से एक बार फिर बंगाल के चहुंमुखी विकास और यहां के गौरवशाली लोगों की समृद्धि के लिए निरंतर काम करने के अपने संकल्प को दोहराया। प्रधानमंत्री का यह कदम बंगाल की जनता के साथ सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव को और अधिक प्रगाढ़ करने की एक सोची-समझी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





