बद्रुका कॉलेज ऑफ कॉमर्स में मनाया गया पोंगल
हैदराबाद, काचीगुड़ा स्थित बद्रुका कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड आर्ट्स में आज काइट्स एंड डिलाइट्स शीर्षक से पोंगल पर्व मनाया गया। प्रेस विज्ञप्ति द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह उत्सव परंपरा, एकजुटता और हर्षोल्लास की भावना से परिपूर्ण रहा।
अवसर पर विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण पोंगल परंपराओं का प्रामाणिक उत्सव रहा, जिसमें बसवन्ना को महाविद्यालय परिसर में लाना, पोंगल की तैयारी करना और भोगी मंतालू जलाना आदि शामिल था। इन पारंपरिक प्रथाओं ने छात्रों को त्यौहार के वास्तविक सार का अनुभव करने में सक्षम बनाया।
विद्यार्थियों की सहभागिता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें नृत्य प्रस्तुतियां, रोचक ओपन माइक सत्र तथा पोंगल से संबंधित विभिन्न गतिविधियां शामिल थीं। इनके अंतर्गत कला क्लब द्वारा पतंग बनाने की रचनात्मक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रबंधन क्लब ने मनोरंजक गतिविधियों और खजाने की खोज के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

साहित्य क्लब ने ओपन माइक प्रस्तुतियों और पोंगल के सांस्कृतिक महत्व को उजागर करने वाले ज्ञानवर्धक भाषणों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। थिएटर क्लब की नृत्य प्रस्तुति तथा अनूठी हरिकथा प्रस्तुति कार्यक्रम के विशेष आकर्षण रहे। अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के न्यूजलेटर का भी आधिकारिक विमोचन किया गया। पोंगल उत्सव में प्रधानाचार्य डॉ. बी. मोहन कुमार, उप प्रधानाचार्य डॉ. पी. वेंकटैया, उप प्रधानाचार्य मितेश कडाकिया, महानिदेशक प्रो. अभिराम कृष्ण सहित अन्य गणमान्यों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





