प्रतिक्रमण है आत्मा की दवा : डॉ. सुमंगलप्रभाजी

हैदराबाद, शरीर को ठीक करने के लिए कई दवाई लेते हैं, पर जो आत्मा प्रेमी व्यक्ति होता है, उसके लिए प्रतिक्रमण दवाई है। उक्त उद्गार सिकंदराबाद स्थित मारुति विधि जैन स्थानक में श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ सिकंदराबाद के तत्वावधान में साध्वी डॉ. सुमंगलप्रभाजी म.सा. ने व्यक्त किये। पूज्यश्री ने कहा कि जिस प्रकार वाशिंग मशीन में कपड़े धुलते-सूखते हैं, वैसे ही प्रतिक्रमण भी शरीर व आत्मा की शुद्धि करता है।

यह जीव के व्रत के छिद्र को बंद कर देता है, व्रतों में जो दोष लगे हैं उनको निवृत्त कर शुद्ध व्रतधारी जीव बना देता है। जीव के आस्रव के खुले द्वार को बंद करने का कार्य करता है। जीव को जो भी दोष लगते हैं, उनको दोषरहित निरअतिचार संयम वाला बनाकर अष्ठ प्रवचन में तल्लीन कर समाधिस्त होकर विचरण कराता है। म.सा. ने कहा कि जब साधना के आंगन में बैठेंगे, तो पता चलेगा कि साधना की शक्ति कैसी है। साधना के राजमार्ग के धरातल पर बैठकर भक्ति की शक्ति लगाएँगे, तभी पता चलेगा साधना सफल हुई या नहीं। इसमें साधना की शक्ति लगाने की आवश्यकता है।

प्रतिक्रमण की उर्वरा भूमि पर साधना के फूल खिलाने है, पुष्पों की सुगंध प्राप्त करनी है, तो 6 आवश्यक प्रतिक्रमण में 9वाँ व्रत सामायिक पहला आवश्यक सूत्र है। म.सा. ने कहा कि सदाचार व सदविचार से प्रतिक्रमण करने से व्यक्ति के जीवन में सरलता का संचार, विनम्रता का आविष्कार होता है। कृतज्ञता की भावना उत्पन्न होकर संतोष वृत्ति आती है। इन सबके आने से धड़कन बढ़ती है और मन से सारे विचार जीवन के भीतर पनप जाते हैं।

यह भी पढ़ें… द्रव्य वंदना के साथ की गई भाव वंदना होती है श्रेष्ठ साधना : डॉ. सुमंगलप्रभाजी म.सा

प्रतिक्रमण: जीवन दोषों का निवारण और साधना

म.सा. ने कहा प्रतिक्रमण साधना है, इसे अलंकार की आवश्यकता नहीं। प्रतिक्रमण करने से जितने भी दोष लगे, उनका निवारण होता है। जिस प्रकार छलनी में पानी भरेंगे, तो वह ठहरेगा नहीं। प्रतिक्रमण जीवन के भीतर दोष रूपी छलनी के छिद्र को बंद कर दोषों को मिटाता है। प्रतिक्रमण करने से सारे दोष छिद्र दूर हो जाएँगे। प्रतिक्रमण को जीवन में ग्रहण करना है। सरकार भी अतिक्रमण को हटाने का कार्य करती है। इसी प्रकार जीवन में जो अतिक्रमण हुआ है, उस पर किसी भी प्रकार का दोषारोपण लगा है, उसे हटाकर पुन आत्मा के निकट आना और अपने आप को समझना ही प्रतिक्रमण कहलाता है।

म.सा. ने कहा कि प्रतिक्रमण को विधिवत रूप से ग्रहण करने पर जीवन की रूपरेखा परिवर्तित हो जाएगी, जीवन में बदलाव आएगा। प्रतिक्रमण ज्ञानी के लिए ज्ञान, ध्यानियों के लिए ध्यान, त्यागियों के लिए त्याग और रोगियों के लिए योग है। आज योग करने के लिए पैसे देने पड़ते हैं। यहाँ प्रतिक्रमण की प्रयोगशाला त्याग वाली है और ऐसी शाला में जो होता है, वह योगी होता है। प्रतिदिन सुबह और शाम को पंचांग नमाकर अगर प्रतिक्रमण करते हैं, तो कोई भी योग करने की आवश्यकता नहीं है।

सिकंदराबाद संघ के कार्यक्रम और पुरस्कार आयोजन विवरण

सभा का संचालन करते हुए मंत्री गजेन्द्र तातेड़ ने बताया कि नवकार महामंत्र का जाप व्यवस्थित रूप से चल रहा है। तपस्या की कड़ी में आज ऋषभ भूरट ने तीन उपवास के प्रत्याख्यान लिए। सभा में आचार्य आनंद साहित्य निधि के अध्यक्ष सुरेशचंद बोहरा, कार्याध्यक्ष हर्ष कुमार मुणोत, कार्यदर्शी सुरेश गुगलिया, कोषाध्यक्ष मदनलाल संचेती, संयोजक सुभाषचंद मुणोत, उपाध्यक्ष मुकेश नाहर, कार्यकारिणी सदस्य विजया बाई पोकरणा उपस्थित हुए।

हर्ष कुमार मुणोत ने बताया कि आचार्य आनंद ऋषि पुरस्कार का 34वाँ पुरस्कार समायोजन शुक्रवार, 15 अगस्त को सुबह 9.30 बजे से कच्छी भवन, रामकोट में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने महासतीजी से सान्निध्य प्रदान करने तथा सिकंदराबाद संघ के सभी पदाधिकारी और सदस्यों को कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया। सिकंदराबाद संघ के अध्यक्ष गौतमचंद गुगलिया, कार्याध्यक्ष शांतिलाल बोहरा, महामंत्री सुरेंद्र कटारिया, मंत्री गजेन्द्र तातेड़ ने सभी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

शनिवार, 16 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 3 से 16 वर्ष की उम्र के बालक-बालिकाएँ हिस्सा ले सकते हैं। कार्यक्रम का उत्तरदायित्व श्री नमो विहार सेवा मंडल को दिया गया है। अध्यक्ष गौतमचंद गुगलिया ने अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों को कार्यक्रम में भेजने का आग्रह किया। इसके विजेताओं को लाभार्थी परिवार नेमीचंद, सुशील, सुनील, अनिल बोहरा की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। सिद्धि तप के आज सातवें चरण के प्रथम दिन लगभग 125 एकासना के लाभार्थी मिश्रीलाल सोहनलाल गुगलिया परिवार रहे। संघ की ओर से धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button