राष्ट्रपति मुर्मू 21 अप्रैल को ओडिशा के राउरकेला का दौरा करेंगी

नयी दिल्ली/भुवनेश्वर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 अप्रैल को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला के दौरे पर जाएंगी, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करने के साथ साथ कई कल्याणकारी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, मुख्य सचिव अनु गर्ग ने राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक की। डीजीपी वाई. बी. खुरानिया समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए डिजिटल बैठक में हिस्सा लिया।
राउरकेला में ‘ट्राइबल म्यूजियम’ और ‘कमांड कंट्रोल सेंटर’ का भी दौरा
आधिकारिक बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति 21 अप्रैल को पूर्वाह्न 10:25 बजे झारसुगुड़ा हवाईअड्डे पहुंचेंगी और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए राउरकेला जाएंगी। राष्ट्रपति राउरकेला के सेक्टर-13 में जनसभा को संबोधित करेंगी और इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर भवन, साइंस पार्क, प्लैनेटेरियम और कोएल नगर में स्थित प्रमोद उद्यान समेत कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।इसके बाद वह राउरकेला में ‘ट्राइबल म्यूजियम’ और ‘कमांड कंट्रोल सेंटर’ का भी दौरा करेंगी। विज्ञप्ति के अनुसार, वह दोपहर में राउरकेला से रवाना होकर झारसुगुड़ा होते हुए शाम 4:50 बजे तक नयी दिल्ली लौट सकती हैं। (भाषा )
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






